हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (ETV Bharat)
शिमला: सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे हिमाचल प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर है. अगर आप राज्य सरकार के किसी विभाग, बोर्ड, निगम, विश्वविद्यालय या सहकारी बैंक में नियमित सेवा दे रहे हैं और तीन साल की सेवा पूरी कर चुके हैं, तो अब हिमाचल प्रदेश फाइनेंस एंड अकाउंट्स सर्विस (HPF&AS) में अधिकारी बनने का मौका आपके सामने है. हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (HPPSC) ने वित्त विभाग (ट्रेजरीज अकाउंट्स एंड लॉटरीज ) में 26 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं. चयन प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और प्री-इंडक्शन प्रशिक्षण के आधार पर किया जाएगा. आवेदन प्रक्रिया 9 जुलाई से शुरू होगी और 5 अगस्त रात 11:59 बजे तक चलेगी.
हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (HPPSC) के मुताबिक हिमाचल प्रदेश फाइनेंस एंड अकाउंट्स सर्विस में प्रारंभिक चयन के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं. यह भर्ती वित्त विभाग (कोषागार, लेखा एवं लॉटरी) के अंतर्गत की जाएगी. आयोग के अनुसार केवल हिमाचल प्रदेश सरकार के विभागों, बोर्डों, निगमों, स्वायत्त निकायों, विश्वविद्यालयों और राज्य के सहकारी बैंक में कार्यरत पात्र कर्मचारी ही आवेदन कर सकेंगे.

हिमाचल में फाइनेंस एंड अकाउंट्स सर्विस के 26 पदों पर भर्ती (Notification)
अभ्यर्थी के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री और कम से कम तीन वर्ष की नियमित सेवा होना अनिवार्य है. भर्ती के तहत कुल 26 पद भरे जाएंगे. इनमें 17 पद अनारक्षित (UR), एक पद श्रवण बाधित, एक पद बौद्धिक या बहु-दिव्यांग, दो पद अनुसूचित जाति, दो पद अनुसूचित जनजाति और तीन पद अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए आरक्षित हैं.
आयोग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन केवल ऑनलाइन भर्ती आवेदन (ORA) पोर्टल के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे. किसी अन्य माध्यम से भेजे गए आवेदन सीधे निरस्त कर दिए जाएंगे. पात्रता, परीक्षा शुल्क, परीक्षा योजना, विस्तृत विज्ञापन और पाठ्यक्रम सहित सभी जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी. HPPSC के अनुसार प्रारंभिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा. इसके बाद चयनित उम्मीदवारों को हिमाचल प्रदेश फाइनेंस एंड अकाउंट्स सर्विस में नियुक्ति से पहले प्री-इंडक्शन प्रशिक्षण दिया जाएगा.
ये भी पढ़ें: युवाओं के लिए खुशखबरी! धर्मशाला में 1 अगस्त से अग्निवीर भर्ती रैली