कोडरमा, वरीय संवाददाता। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, रांची के निर्देशानुसार मंगलवार को स्थानीय जेजे. कॉलेज परिसर में जिला स्तरीय 65वीं सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन जिला शिक्षा अधीक्षक अजय कुमार की ओर से किया गया। प्रतियोगिता में जिले के सभी प्रखंडों से अंडर-17 बालक, अंडर-17 बालिका तथा अंडर-15 बालक वर्ग की टीमों ने भाग लिया। उद्घाटन के अवसर पर जिला शिक्षा अधीक्षक ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ खेल को भी नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि “स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है।”
इसी उद्देश्य से स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा प्रत्येक कार्यदिवस में विद्यालयों में खेल अवधि (स्पोर्ट्स पीरियड) संचालित करने का निर्देश दिया गया है।समाचार लिखे जाने तक अंडर-17 बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले में पीएम श्री प्लस-2 उच्च विद्यालय, ढाब (चंदवारा) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया, जबकि पीएम श्री प्लस-2 उच्च विद्यालय, डुमरडीहा (कोडरमा) उपविजेता रहा। प्रतियोगिता के आयोजन में सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी श्रीकृष्ण सिंह, सभी प्रखंडों के प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, खेल प्रभारी विक्रम परमार, राजकुमार, मुन्ना शर्मा, खेल शिक्षक अजीत कुमार, संजय यादव, सुजीत कुमार, मनोहर कुमार, प्रतिभा कुमारी, अंशु कुमारी सहित कई शिक्षक एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।