Iran US War Live: अमेरिका का रणनीतिक तेल भंडार सबसे निचले स्तर पर, अली खामेनेई के जनाजे में चली गोलियां, 2 सैनिकों की मौत


Iran Israel War Live: ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई का सात दिन तक चला अंतिम सफर आखिरकार शुक्रवार को खत्म हो गया. उन्हें उनके गृह नगर मशहद स्थित इमाम रजा दरगाह के दार अल-जिक्र परिसर में सुपुर्द-ए-खाक किया गया. ईरानी अधिकारियों के मुताबिक अंतिम यात्रा में ईरान और इराक के अलग-अलग शहरों में कुल 1.5 करोड़ से ज्यादा लोगों ने हिस्सा लिया. लेकिन दफन के कुछ ही घंटों बाद मशहद में फिर तनाव फैल गया. IRGC से जुड़े सबरीन न्यूज के मुताबिक सैन्य वर्दी पहने दो अज्ञात हमलावरों ने बसीज बल के दो सदस्यों पर पिस्तौल से गोलीबारी कर दी. एक सदस्य की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल में दम तोड़ दिया. घटना फाकूरी बुलेवार्ड इलाके में हुई. इमाम रजा दरगाह के आसपास भी गोलियों की आवाज सुनाई दी. हमलावर मौके से फरार हो गए और सुरक्षा एजेंसियां उनकी तलाश कर रही हैं.

अयातुल्ला अली खामेनेई को अमेरिका-इजरायल के संयुक्त हवाई हमले में मारे जाने के 131 दिन बाद दफनाया गया. युद्ध की वजह से अंतिम संस्कार टाल दिया गया था. पिछले सात दिनों में तेहरान, क़ोम, मशहद और इराक के नजफ व करबला समेत कई शहरों में अंतिम यात्रा निकाली गई, जिसमें लाखों नहीं बल्कि डेढ़ करोड़ से ज्यादा लोगों के शामिल होने का दावा किया गया.

इसी बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान को लेकर बेहद सख्त संदेश दिया. उन्होंने कहा कि ‘समझौता हो या न हो, ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं होंगे.’ वायु सेना के पायलटों के ग्रेजुएशन समारोह में नेतन्याहू ने कहा कि अगर अमेरिका और इजरायल ने कार्रवाई नहीं की होती तो ईरान अब तक परमाणु हथियार हासिल कर चुका होता.

Turkey Defence Deal Live: तुर्किये ने S-400 एयर डिफेंस सिस्टम खाड़ी देश को बेचा, आज हो सकता है ऐलान- रिपोर्ट

तुर्किये LIVE: तुर्किये के एक वरिष्ठ पत्रकार की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि तुर्किये ने अपना S-400 एयर डिफेंस सिस्टम एक खाड़ी देश को बेच दिया है. रिपोर्ट के अनुसार, खरीदार यूएई (UAE) या कतर (Qatar) हो सकता है और आधिकारिक घोषणा आज की जा सकती है. तुर्किये के अखबार हुर्रियत (Hürriyet) के पत्रकार अब्दुलकादिर सेल्वी ने दावा किया है कि इस रक्षा सौदे की अंतिम औपचारिकताएं रातोंरात पूरी कर ली गईं. उनके मुताबिक, S-400 एयर डिफेंस सिस्टम की बिक्री से जुड़ी आधिकारिक घोषणा आज होने की संभावना है.

West Bank Live: नाबलुस में इजरायली सेना और बसने वालों की छापेमारी

वेस्ट बैंक LIVE: कब्जे वाले वेस्ट बैंक के शहर नाबलुस में इजरायली सेना और इजरायली बसने वालों ने कई इलाकों में छापेमारी की. फिलिस्तीनी समाचार एजेंसी वफा (WAFA) के अनुसार, सैन्य वाहनों के साथ कई मोहल्लों में अभियान चलाया गया. सुरक्षा सूत्रों के हवाले से WAFA ने बताया कि इजरायली सैन्य वाहन नाबलुस शहर में दाखिल हुए और सैनिकों ने ओल्ड सिटी, ईस्टर्न कॉम्प्लेक्स और वेस्टर्न एरिया में तलाशी अभियान चलाया. रिपोर्ट के मुताबिक, इजरायली सैनिकों ने नाबलुस के उत्तर में स्थित अल-नसरिया और अल-बाधान इलाकों में भी छापेमारी की. फिलहाल इन अभियानों के दौरान किसी गिरफ्तारी या हताहत की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.

US-Iran Conflict Live: अमेरिका का रणनीतिक तेल भंडार 1983 के बाद सबसे निचले स्तर पर

अमेरिका-ईरान संघर्ष LIVE: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब अमेरिकी रणनीतिक पेट्रोलियम भंडार (Strategic Petroleum Reserve) पर भी दिखने लगा है. रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी तेल भंडार 1983 के बाद अपने सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है. रिपोर्ट के अनुसार, 3 जुलाई को खत्म हुए सप्ताह में अमेरिकी स्ट्रैटेजिक पेट्रोलियम रिजर्व (SPR) में 62 लाख बैरल की कमी दर्ज की गई, जिसके बाद यह घटकर 31.95 करोड़ बैरल रह गया. यह रोनाल्ड रीगन प्रशासन के दौर यानी 1983 के बाद का सबसे निचला स्तर है.

Iran Leader Funeral Live: ईरानी मीडिया का दावा- अली खामेनेई की अंतिम यात्रा में 4.3 करोड़ लोग शामिल

ईरान न्यूज लाइव: ईरानी सरकारी मीडिया ने दावा किया है कि सुप्रीम लीडर अली खामेनेई के छह दिनों तक चले अंतिम संस्कार समारोह में 4.1 करोड़ से 4.3 करोड़ लोगों ने हिस्सा लिया. ईरानी मीडिया ने इसे दुनिया की सबसे बड़ी अंतिम यात्रा बताया है. ईरान के सरकारी चैनल प्रेस टीवी ने दावा किया कि अली खामेनेई की अंतिम यात्रा ‘दुनिया का अब तक का सबसे बड़ा अंतिम संस्कार जुलूस’ थी. श्रद्धांजलि कार्यक्रम तेहरान, क़ोम, नजफ, कर्बला और मशहद सहित पांच शहरों में आयोजित किए गए.

US-Iran Conflict Live: पूर्व अमेरिकी अधिकारी बोले- होर्मुज पर ईरान की बढ़त तोड़ने का तरीका अब तक नहीं ढूंढ पाया अमेरिका

अमेरिका-ईरान संघर्ष LIVE: अमेरिका के पूर्व मरीन कॉर्प्स अधिकारी डैन ग्रेजियर का कहना है कि होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरान की रणनीतिक बढ़त से निपटने का प्रभावी तरीका वॉशिंगटन अब तक नहीं खोज पाया है. उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात में सैन्य कार्रवाई के बजाय संघर्ष समाप्त करने का रास्ता तलाशना जरूरी है. अल जजीरा से बातचीत में डैन ग्रेजियर ने कहा कि अमेरिका ने ईरान के दक्षिणी तटीय इलाकों में सैन्य ठिकानों और उन तेज़ गति वाली नौकाओं (फास्ट बोट्स) को निशाना बनाया है, जिनका इस्तेमाल ईरान उन जहाजों को रोकने या परेशान करने के लिए करता है जिन्हें वह होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की इजाजत नहीं देता.

Qatar News Live: कतर ने फिर दोहराया- कूटनीति और बातचीत ही मध्य पूर्व में शांति का रास्ता

मिडिल ईस्ट LIVE: कतर ने एक बार फिर कहा है कि मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव का स्थायी समाधान केवल कूटनीति और संवाद के जरिए ही संभव है. कतर के विदेश मंत्रालय ने क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता के लिए बातचीत को सबसे प्रभावी रास्ता बताया है. कतर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माजिद अल-अंसारी ने लंदन में आयोजित लंदन कॉन्फ्रेंस 2026 के दौरान चैथम हाउस में एक गोलमेज चर्चा को संबोधित करते हुए कहा कि कतर संघर्षों के समाधान के लिए कूटनीति और मध्यस्थता की नीति पर कायम है.

Russia Economy Live: ईरान युद्ध के बीच रूस की कमाई बढ़ी

अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच युद्ध के दौरान तेल की बढ़ी मांग और कीमतों का रूस को बड़ा फायदा मिला है. ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, रूस ने इस साल पहली बार मासिक बजट सरप्लस दर्ज किया है. रिपोर्ट के अनुसार, रूस को 279 अरब रूबल (करीब 3.7 अरब डॉलर) का मासिक बजट अधिशेष (Budget Surplus) मिला. दुनिया के प्रमुख तेल और गैस उत्पादकों में शामिल रूस की तेल और गैस से होने वाली आय पिछले वर्ष की तुलना में 38% बढ़ गई. हालांकि, रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि यह राहत लंबे समय तक नहीं रह सकती. पिछले महीने अमेरिका और ईरान के बीच हुए MoU के बाद रूसी कच्चे तेल की कीमत मई के 86.52 डॉलर प्रति बैरल से घटकर 63.52 डॉलर प्रति बैरल रह गई.

US-Iran Conflict Live: अमेरिका बोला- ईरान से समाधान की कोशिश जारी, तनाव कम कराने में जुटे मध्यस्थ

अमेरिका-ईरान संघर्ष LIVE: अमेरिका ने कहा है कि वह ईरान के साथ जारी तनाव का कूटनीतिक समाधान निकालने के लिए अब भी प्रतिबद्ध है. अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, दोनों देशों के बीच तकनीकी स्तर की वार्ता जारी है और क्षेत्रीय मध्यस्थ तनाव कम कराने की कोशिश कर रहे हैं. वॉशिंगटन से रिपोर्टिंग के दौरान एक अमेरिकी रक्षा अधिकारी ने बताया कि गुरुवार को ईरान के भीतर हुए विस्फोटों के बावजूद अमेरिकी सेना ने उस दिन कोई सैन्य हमला नहीं किया. अधिकारियों के अनुसार, इसका कारण क्षेत्रीय स्तर पर चल रहे कूटनीतिक प्रयास हैं, जिनका उद्देश्य अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम करना है.

Gaza War Live: गाजा में शोक की लहर, वर्ल्ड कप स्क्रीनिंग कराने वाले राहतकर्मी की इजरायली हमले में मौत

गाजा LIVE: गाजा में बड़ी संख्या में लोगों ने मिस्र की प्रमुख राहत संस्था से जुड़े वरिष्ठ राहतकर्मी मोहम्मद अल-वाहीदी को अंतिम विदाई दी. अल-वाहीदी ने युद्धग्रस्त गाजा में लोगों के लिए फीफा वर्ल्ड कप मैचों की स्क्रीनिंग का आयोजन किया था. इस सप्ताह एक इजरायली हवाई हमले में उनकी मौत हो गई. अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार को मिस्र बनाम अर्जेंटीना वर्ल्ड कप मुकाबले से ठीक पहले गाजा सिटी के सबरा इलाके में जिस टैक्सी में मोहम्मद अल-वाहीदी सवार थे, उस पर हवाई हमला हुआ. इस हमले में अल-वाहीदी सहित चार लोगों की मौत हुई.

Oil Price Live: US-ईरान हमलों के बीच कच्चे तेल की कीमतों में हल्की गिरावट

ऑयल प्राइस LIVE: अमेरिका और ईरान के बीच जारी सैन्य हमलों के बीच शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में कच्चे तेल की कीमतों में मामूली गिरावट दर्ज की गई. हालांकि, पूरे सप्ताह के हिसाब से तेल की कीमतें बढ़त की ओर बढ़ रही हैं. शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में ब्रेंट क्रूड की कीमत 6 सेंट यानी 0.08% गिरकर 76.24 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई. वहीं अमेरिकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) क्रूड भी 4 सेंट यानी 0.06% फिसलकर 72.04 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखा.

Hormuz Strait Live: 17 जून के बाद होर्मुज से कितने जहाज गुजरे?

होर्मुज जलडमरूमध्य LIVE: अमेरिका और ईरान के बीच 17 जून को हुए समझौता ज्ञापन (MoU) के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही सामान्य होने लगी थी, लेकिन हालिया हमलों के बाद एक बार फिर यह रणनीतिक समुद्री मार्ग संकट में आ गया है. इससे वैश्विक तेल आपूर्ति और समुद्री व्यापार को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं. 17 जून को अमेरिका और ईरान के बीच हुए अंतरिम MoU के बाद पिछले तीन सप्ताह में औसतन प्रतिदिन 34 कमोडिटी जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरे. Kpler के आंकड़ों के अनुसार, 24 जून को यह संख्या बढ़कर 59 जहाज तक पहुंच गई थी, जो इस अवधि का सबसे ऊंचा स्तर था.

Iran Leader Funeral Live: अली खामेनेई की अंतिम यात्रा में ट्रंप का विशाल पुतला जलाया गया

ईरान LIVE: ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की अंतिम यात्रा के दौरान मशहद में प्रदर्शनकारियों ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पुतला जलाया. इस दौरान भीड़ ने ‘अमेरिका मुर्दाबाद’ और ‘इजरायल मुर्दाबाद’ के नारे लगाए. अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में शामिल लोगों ने ट्रंप के विशाल पुतले को जलाकर अमेरिका और इजरायल के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. मौके पर मौजूद लोगों ने लगातार अमेरिका मुर्दाबाद और इजरायल मुर्दाबाद के नारे लगाए.

US-Iran Conflict Live: ट्रंप की ईरान नीति पर डेमोक्रेट सांसद का हमला

अमेरिका-ईरान संघर्ष LIVE: अमेरिकी डेमोक्रेट सांसद जिमी पनेटा ने ईरान को लेकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रणनीति की आलोचना की है. उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात दिखाते हैं कि कूटनीतिक प्रयास नाकाम रहे हैं और सैन्य रणनीति भी स्पष्ट नहीं है. जिमी पनेटा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि भले ही राष्ट्रपति के बयानों पर भरोसा करना मुश्किल हो, लेकिन अमेरिका के नए हवाई हमले और ईरान के ड्रोन हमले यह दिखाते हैं कि वार्ता किसी निष्कर्ष तक नहीं पहुंच सकी है और संघर्षविराम भी प्रभावी साबित नहीं हुआ. उन्होंने कहा कि मौजूदा संकट उस फैसले का परिणाम है, जिसमें स्पष्ट रणनीति, अमेरिकी कांग्रेस की मंजूरी और जनता की सहमति के बिना युद्ध का रास्ता अपनाया गया.

US-Iran Conflict Live: ट्रंप के हत्या की साजिश रच रहा ईरान- इजरायल का दावा

अमेरिका-ईरान संघर्ष LIVE: वॉल स्ट्रीट जर्नल (WSJ) की रिपोर्ट के मुताबिक, इजरायल ने हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को खुफिया जानकारी दी थी कि ईरान कथित तौर पर उनकी हत्या की साजिश रच रहा है. हालांकि, इस दावे पर अमेरिका और ईरान की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है. WSJ की रिपोर्ट के अनुसार, इजरायल ने ट्रंप प्रशासन को ऐसी खुफिया जानकारी साझा की थी, जिसमें ईरान की ओर से कथित हत्या की योजना का जिक्र था. हालांकि, अमेरिकी सरकार और ईरान ने इन रिपोर्टों पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है. इससे पहले भी अमेरिका कई बार दावा कर चुका है कि उसने ट्रंप को निशाना बनाने की ईरान की कथित कई साजिशों को विफल किया है. यहां क्लिक करके पढ़ें पूरी खबर.

US-Iran Conflict Live: कतर-पाकिस्तान ने रुकवाया अमेरिका का हमला

अमेरिका-ईरान संघर्ष LIVE: अमेरिका और ईरान के बीच एक सप्ताह से जारी सैन्य तनाव के बावजूद गुरुवार को तनाव कम करने की कोशिशें तेज रहीं. Axios की रिपोर्ट के मुताबिक, क्षेत्रीय देशों की मध्यस्थता के बाद अमेरिका ने गुरुवार को ईरान पर हमला नहीं किया और दोनों देशों के बीच तकनीकी स्तर की वार्ता जारी है. रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप प्रशासन अब भी ईरान के साथ किसी समाधान तक पहुंचने के लिए प्रतिबद्ध है और परमाणु समझौते को लेकर तकनीकी स्तर की बातचीत जारी रखे हुए है. बताया गया है कि बुधवार को कतर, पाकिस्तान और अन्य क्षेत्रीय मध्यस्थों ने अमेरिका और ईरान के बीच कई दौर की फोन वार्ताएं कर दोनों पक्षों को फिर से बातचीत की मेज पर लाने की कोशिश की.

US-Iran Conflict Live: ईरान का दावा- फिर हमला हुआ, अमेरिका-इजरायल ने किया इनकार

अमेरिका-ईरान संघर्ष LIVE: ईरान के सरकारी मीडिया ने दावा किया है कि गुरुवार शाम देश के दो अलग-अलग शहरों में स्थित सैन्य ठिकानों को कई हमलों में निशाना बनाया गया. हालांकि, एक अमेरिकी अधिकारी ने कहा है कि अमेरिकी सेना इस समय ईरान में कोई हमला नहीं कर रही है, जबकि इजरायली अधिकारियों ने भी ऐसे किसी हमले में अपनी भूमिका से इनकार किया है. ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA के अनुसार, बुशेहर प्रांत के राजनीतिक एवं सुरक्षा मामलों के उप-गवर्नर एहसान जहानियान ने बताया कि बुशेहर शहर के पास स्थित एक सैन्य परिसर पर ‘अमेरिका-इजरायल के दुश्मन प्रोजेक्टाइल’ से हमला किया गया. फिलहाल नुकसान या हताहतों की संख्या के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है. बुशेहर शहर के बाहरी इलाके में ईरान का परमाणु ऊर्जा संयंत्र भी स्थित है.





Leave a Comment