छापा मारने पहुंची ईडी तो प्रोड्यूसर ने 13वीं मंजिल से फेंक दिया फोन, क्या है पूरा मामला?


डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ईडी ने मुंबई के फिल्म निर्माता धर्मेश संगानी और उनकी कंपनी ‘कलानी इंपेक्स लिमिटेड’ के खिलाफ विदेश में अघोषित संपत्ति रखने तथा अन्य अनियमितताओं के आरोपों में विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के तहत जांच शुरू कर तलाशी अभियान चलाया।

अधिकारियों ने आरोप लगाया कि छापामारी के दौरान संगानी ने इमारत की 13वीं मंजिल से अपना मोबाइल फोन नीचे फेंक दिया, जिसे बाद में जांच अधिकारियों ने बरामद कर लिया। ईडी ने साक्ष्य नष्ट करने के आरोप में संगानी के खिलाफ मुंबई पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

फिल्म निर्माता पर लगे गंभीर आरोप

धर्मेश संगानी अभिनेता शेखर सुमन से जुड़े हुए हैं। वह सुमन द्वारा स्थापित फिल्म अकादमी के सह संस्थापक हैं। इस घटना के सिलसिले में संगानी या उनकी कंपनी से तुरंत संपर्क नहीं हो सका। जिस फिल्म अकादमी से वह जुड़े हैं, उसकी ओर से भी प्रतिक्रिया का इंतजार है।

अधिकारियों ने कहा कि वर्तमान में की जा रही जांच संगानी और उनकी कंपनी की भूमिका तक ही सीमित है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ विदेशी खरीदारों से निर्यात का पैसा प्राप्त नहीं हुआ और कंपनी ने इस संबंध में अधिक समय के लिए अधिकृत डीलर बैंक से मंजूरी भी नहीं ली थी।

अघोषित कंपनी में संगानी की बड़ी हिस्सेदारी

ईडी ने कनाडा की एक अघोषित कंपनी में संगानी की बड़ी हिस्सेदारी का भी पता लगाया है। अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में कनाडा, अमेरिका और संयुक्त अरब अमीरात में अघोषित बैंक खातों की पहचान की गई है।

अधिकारियों ने दावा किया है कि अमेरिकी सीमा शुल्क अधिकारी आरोपित से जुड़े कुछ लेनदेन की जांच कर रहे हैं। पिछले दिनों ब्रिटेन के अधिकारियों ने संगानी के पास से करीब 7.4 किलोग्राम सोना जब्त किया था, क्योंकि कथित तौर पर इसकी घोषणा नहीं की गई थी।



Leave a Comment