राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। SSC JE Recruitment 2025 कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने जूनियर इंजीनियर यानी जेई (सिविल, मैकेनिकल एवं इलेक्ट्रिकल) परीक्षा-2025 के लिए अंतिम रिक्तियों का विवरण जारी कर दिया है। विभिन्न केंद्रीय विभागों में कुल 1731 पदों पर भर्ती की जाएगी।
30 जून 2025 को जारी विज्ञापन में 1340 रिक्तियां थीं। इस तरह 391 रिक्तियां बढ़ गई हैं। इनमें सबसे अधिक रिक्तियां सीमा सड़क संगठन (बीआरओ), केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) और मिलिट्री इंजीनियर सर्विस (एमईएस) में हैं।
एसएससी की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार कुल पदों में अनुसूचित जाति (एससी) के लिए 270, अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए 122, अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए 432, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के लिए 127 तथा अनारक्षित वर्ग (यूआर) के लिए 780 पद हैं। सबसे अधिक 796 पद जूनियर इंजीनियर सिविल के लिए सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) में उपलब्ध हैं।
बीआरओ में जूनियर इंजीनियर ईएंडएम के 163 पद भी घोषित किए गए हैं। बीआरओ के ये पद केवल पुरुष अभ्यर्थियों के लिए हैं। सीपीडब्ल्यूडी में सिविल के 210 तथा इलेक्ट्रिकल के 94 पदों पर भर्ती होगी। इसी प्रकार एमईएस में जूनियर इंजीनियर सिविल के 202 और जेई ईएंडएम के 136 पद हैं।
SSC JE Recruitment 2025 इसके अतिरिक्त केंद्रीय जल आयोग में सिविल के 90 और मैकेनिकल के 10 पद, फरक्का बैराज परियोजना में 15 पद तथा रक्षा मंत्रालय के डीजीक्यूए-नेवल संगठन में आठ पदों पर भर्ती की जाएगी। केंद्रीय जल शक्ति अनुसंधान केंद्र में भी विभिन्न शाखाओं के कुल सात पद उपलब्ध हैं।