खेल दोनों देशों के बीच आपसी जुड़ाव का माध्यम: मोदी, International Hindi News


Follow us on Google News
share

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान कहा कि खेल भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच जुड़ाव का एक महत्वपूर्ण माध्यम हैं। मोदी ने बताया कि भारत 2030 राष्ट्रमंडल खेलों और 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी करेगा। उन्होंने युवा खिलाड़ियों की प्रतिभा और खेलों के माध्यम से सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर जोर दिया।

खेल दोनों देशों के बीच आपसी जुड़ाव का माध्यम: मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान कहा कि दोनों देशों के बीच खेल आपसी जुड़ाव का एक महत्वपूर्ण माध्यम हैं। शुक्रवार को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) पहुंचे मोदी ने कहा कि भारत 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी करेगा और 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी की कोशिश जारी है। ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ एमसीजी पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी ने युवा खिलाड़ियों को क्रिकेट, कबड्डी तथा ऑस्ट्रेलियन रूल्स फुटबॉल खेलते देखा। एक्स पर पोस्ट में प्रधानमंत्री ने लिखा कि मैदान पर युवा खिलाड़ियों को खेलते देखना बेहद सुखद अनुभव रहा। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेलों का रिश्ता बेहद मजबूत है।

आने वाले वर्षों में दोनों देश बड़े वैश्विक खेल आयोजनों की मेजबानी करने जा रहे हैं, ऐसे में खेल, युवा सहभागिता, बुनियादी ढांचे और प्रतिभा विकास के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की अपार संभावनाएं हैं। प्रधानमंत्री ने चेन्नई में बिग बैश लीग 2026-27 के उद्घाटन मुकाबले के आयोजन पर खुशी जताते हुए कहा कि भारत में किसी भी खेल प्रतियोगिता का आयोजन उसे व्यापक दर्शक वर्ग और वैश्विक पहुंच प्रदान करता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि एमसीजी में कदम रखते ही हर भारतीय के मन में दो भावनाएं एक साथ आती हैं। पहली, भारत- ऑस्ट्रेलिया मुकाबले का रोमांच और दूसरा, यह एहसास कि दोनों देशों में क्रिकेट केवल एक खेल नहीं, बल्कि साझा जुनून है। क्रिकेट ने अल्बनीज और मेरे बीच की दोस्ती को और मजबूत किया।



Leave a Comment