सोनभद्र में घर के बाहर खेल रहे मासूम को पागल कुत्ते ने काटा सीएचसी में भर्ती


जागरण संवाददाता, (दुद्धी) सोनभद्र। दुद्धी-आश्रम मार्ग पर स्थित डुमरडीहा गांव में आज शाम को चार बजे घर के बाहर खेल रहे एक 6 वर्षीय मासूम बच्चे पर एक पागल कुत्ते ने हमला कर दिया। कुत्ते के काटने से बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, डुमरडीहा निवासी उदय प्रताप का 6 वर्षीय पुत्र नवीन आज शाम करीब 4 बजे दुद्धी-आश्रम मार्ग पर स्थित नहर के पास अपने घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान वहां पहुंचे एक पागल कुत्ते ने अचानक मासूम पर हमला कर दिया और उसकी जांघ पर बुरी तरह काट लिया।

कुत्ते के हमले के बाद मासूम नवीन दर्द से चीखने-चिल्लाने लगा। बच्चे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और परिजन तुरंत मौके की तरफ दौड़े। लोगों को अपनी ओर आता देख कुत्ता बच्चे को छोड़कर वहां से भाग निकला।

घटना के बाद सहमे और लहूलुहान हालत में परिजन बिना कोई समय गंवाए बच्चे को लेकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचे। जहां डॉक्टरों की देखरेख में बच्चे का इलाज शुरू किया गया। इस घटना के बाद से ग्रामीणों में आवारा और पागल कुत्तों को लेकर दहशत का माहौल है।



Leave a Comment