Sports Are A Powerful Means To Keep The Youth Away From Drugs: Rohit – Rampur Bushahar News


बटाड़ में वॉलीबाल टूर्नामेंट शुरू, शिक्षा मंत्री ने नवयुवक मंडल को दिए 50 हजार रुपये

संवाद न्यूज एजेंसी

रोहडू। युवाओं को शिक्षा के साथ खेल गतिविधियों से जोड़ना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास में सहायक हैं, बल्कि युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का भी सशक्त माध्यम हैं। यह बात शिक्षा मंत्री शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने जुब्बल की कठासु पंचायत के बटाड़ गांव में नवयुवक मंडल स्टेटा ब्रदर्स बटाड़ की ओर से आयोजित वॉलीबाल टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह में कही।

उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय कर बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। रोहित ने कहा कि वॉलीबाल पर्वतीय क्षेत्रों का लोकप्रिय खेल है। खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करते हैं। स्वस्थ और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए ग्रामीण स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं का नियमित आयोजन जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खेल अधोसंरचना को मजबूत करने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। खिलाड़ियों की डाइट मनी 120 से बढ़ाकर 220 रुपये कर दी है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करने की भी व्यवस्था की है।

शिक्षा मंत्री ने ठाकुर रामलाल राजकीय बालिका खेल विद्यालय जुब्बल को सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यहां वॉलीबाल सहित आठ खेलों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। खेल छात्रावास के बेहतर संचालन के लिए मंत्रिमंडल ने 32 नए पदों को स्वीकृति दी है। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों में जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में विकास को नई गति मिली है। कठासु पंचायत में 50 लाख से सामुदायिक भवन का निर्माण कार्य जारी है, जबकि विधानसभा क्षेत्र में 181 नई सड़कों के निर्माण को स्वीकृति दी गई है अथवा उनका निर्माण किया गया है। 18.37 करोड़ से भगोली-बरथाटा सड़क का स्तरोन्नयन कार्य करीब 95 प्रतिशत हो चुका है।

रोहित ने बताया कि 1.46 करोड़ से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरथाटा (बटाड़गलू) का निर्माण रिकॉर्ड दो वर्षों में पूरा किया गया है। बटाड़ में सामुदायिक भवन के लिए 10 लाख स्वीकृत किए हैं। खेल मैदान में हाईमास्ट लाइट लगाई गई है। यहां दर्शकों के बैठने की व्यवस्था भी की जाएगी।

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने नवयुवक मंडल को खेल गतिविधियों के प्रोत्साहन के लिए 50 हजार रुपये देने की घोषणा की। कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र मेहता, जिला परिषद सदस्य मीनाक्षी मांजटा और नेहा मेहता, पंचायत समिति अध्यक्ष कमलेश झगटा, उपाध्यक्ष लोकपाल शरखोली, पंचायत प्रधान लोकपाल जस्टा सहित पंचायत प्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।



Leave a Comment