नौकरी दिलाने के नाम पर दो लाख रुपये ठगे, National Hindi News


Follow us on Google News
share

गांव गिड़घिसी के युवक ने सरकारी नौकरी के झांसे में दो लाख रुपये ठगी का आरोप लगाया है। आरोपी ने नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया और बाद में जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ने सुरक्षा मांगते हुए कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है।

नौकरी दिलाने के नाम पर दो लाख रुपये  ठगे

जट्टारी,संवाददाता। टप्पल थाना क्षेत्र के गांव गिड़घिसी, थाना टप्पल माजरा सालपुर निवासी एक युवक ने गांव के ही एक व्यक्ति पर सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर दो लाख रुपये की ठगी करने तथा बाद में जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित प्रताप पुत्र हरवीर ने पुलिसअधीक्षक ग्रामीण को दिये गये शिकायती पत्र में बताया कि वर्ष 2023 में गांव निवासी कर्मवीर उर्फ पोपलिया पुत्र श्री छिद्दा ने उसे सरकारी नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया। आरोपी ने अपनी ऊंची पहुंच और अधिकारियों से पहचान होने का दावा करते हुए नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया।

रुपये न होने की बात कहने पर उसने ग्रामीण बैंक सालपुर से भैंस खरीदने के नाम पर ऋण भी दिलवा दिया और उसी ऋण की राशि में से दो लाख रुपये ले लिए। पीड़ित का आरोप है कि करीब दो माह बाद आरोपी ने उसे एक जॉइनिंग लेटर दिया और कहा कि अगले सप्ताह नौकरी पर जाना है तथा किसी को इसकी जानकारी न दे। बाद में जब जॉइनिंग लेटर की जांच कराई गई तो वह फर्जी निकला। इसके बाद आरोपी ने नौकरी लगने पर और रुपये देने की मांग की। विरोध करने और अपने रुपये वापस मांगने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी तथा झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी भी दी। पीड़ित ने पुलिस से आरोपी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई कर ठगी की रकम वापस दिलाने और सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार शर्मा के अनुसार तहरीर में नामजद कर्मवीर ऊर्फ पोपलिया के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



Leave a Comment