Farmer Beaten To Death Over A Dispute Stemming From A Cricket Match. – Budaun News


इस्लामनगर। दो साल पुराने क्रिकेट के विवाद की रंजिश में कुछ लोगों ने शनिवार सुबह एक किसान को खेत पर घेर लिया। किसान घर की ओर भागा तो आरोपी भी पीछे लग लिए। घर पर पहुंचकर आरोपियों ने किसान के बीच-बचाव में आए उनके बेटे और भाई को भी घायल कर दिया। गंभीर रूप से घायल किसान की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं दोनों पक्ष के अन्य लोगों का इलाज जारी है। पुलिस ने किसान के शव का पोस्टमॉर्टम कराया है। मामले में किसान के भाई ने पुलिस को तहरीर दी है।

थाना क्षेत्र के गांव जगदीशपुर में दो साल पहले क्रिकेट खेल रहे कुंवरपाल के बच्चे गौरव व अनुज की गेंद मोर सिंह की भैंस को लग गई थी। मोर सिंह ने कुंवरपाल के बच्चों के साथ मारपीट भी की थी। बताते हैं कि शनिवार सुबह धान में दवा लगाने जा रहे कुंवरपाल को मोर सिंह पक्ष ने खेत में घेर लिया। कुछ लोगों के बीच-बचाव करनेे के दौरान कुंवरपाल घर पर आकर छुप गए।

ग्रामीणों के मुताबिक, पीछे-पीछे मोर सिंह पक्ष के लोग भी घर में घुस आए और कुंवरपाल से मारपीट करने लगे। मारपीट में कुंवरपाल और उन्हें बचाने में उनका भाई अतर सिंह व नरेश, कुंवरपाल का पुत्र गौरव घायल हो गया।

वहीं दूसरे पक्ष के मोर सिंह उनकी लड़की वेदवती उनका पुत्र राम खिलाड़ी उनकी पत्नी अनार देवी, व मेघ सिंह घायल हो गए। घायलों को सीएचसी भेजा गया, जहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। इलाज के दौरान शाम करीब छह बजे कुंवरपाल (45) की राजकीय मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई।

पुलिस ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर पंचनामा भर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। कुंवरपाल की मौत से परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है। कुंवरपाल की मौत की खबर सुनते ही उनके परिजन राजकीय मेडिकल कॉलेज रवाना हो गए।

दो साल से जान बचाकर जी रहे थे कुंवरपाल

ग्रामीणों ने बताया कि दो साल पूर्व क्रिकेट खेल रहे कुंवरपाल के बेटे गौरव व अनुज की गेंद मोर सिंह की भैंस को लग गई थी। इसके बाद मोर सिंह ने कुंवरपाल के बच्चों के साथ मारपीट की। उनकी गेंद भी उन्हें नहीं दी थी। मारपीट का मामला थाने पहुंचने पर पुलिस ने फैसला करा दिया था। ग्रामीणों ने बताया कि दबंग किस्म का मोर सिंह कुंवरपाल से रंजिश मानने लगा था। जब-तब उसे मारने-पीटने का प्रयास करता था। कुंवरपाल अपनी जान बचाकर घर से भी कम निकलते थे।

मामले में किसान के भाई नरेश की ओर से तहरीर प्राप्त हो गई है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जा रहा है। इसके आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। -आलोक सिद्धू, सीओ बिल्सी



Leave a Comment