Cricket Tales: जब 12 दिन खेलकर भी नहीं निकला नतीजा, जहाज छूटने के डर से बीच में ही रोकना पड़ा था ‘टाइमलेस टेस्ट’


स्‍पोर्ट्स डेस्‍क, नई दिल्‍ली। फटाफट क्रिकेट के इस दौर में टेस्‍ट का वर्चस्‍व कुछ कम हुआ है। 5 दिनों तक चलने वाले इस फॉर्मेट ने हालांकि, आज भी अपने जगह बरकरार रखी है। आमतौर पर टेस्‍ट क्रिकेट 5 दिन का खेला जाता है। कुछ समय पहले तक यह 6 दिन चलता था।

बीच में 1 रेस्‍ट डे भी होता था। पर क्रिकेट के इतिहास में ऐसा टेस्‍ट भी हुआ है जो 12 दिन तक चला था। इस ‘टाइमलेस टेस्ट’ का नतीजा फिर भी नहीं निकल पाया था। एक टीम को जहाज से घर लौटना था, ऐसे में अंत में मुकाबले को ड्रॉ किया गया था।

जहाज लंबे समय बाद आता था

क्रिकेट के इतिहास का यह सबसे लंबा टेस्ट मैच मार्च 1939 में दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड के बीच डरबन में खेला गया था। इंग्लैंड की टीम को वापस जाने के लिए जो ट्रेन और पानी जहाज पकड़ना था, उसके छूटने का समय हो गया था। ऐसे में टेस्‍ट मैच का कोई नतीजा नहीं निकल पाया था। यह टेस्ट सीरीज का 5वां और आखिरी मैच था।

इंग्‍लैंड ने जीती सीरीज

इस सीरीज में इंग्‍लैंड टीम 1-0 से जीती। अन्‍य मुकाबले ड्रॉ रहे। आखिरी टेस्‍ट की बात करें तो पहले दिन स्‍टंप तक साउथ अफ्रीका का स्‍कोर 229/2 था। दूसरे दिन 4 विकेट गिरे औ दक्षिण अफ्रीका का स्‍कोर 423 रन हो गया। तीसरे दिन रविवार को रेस्‍ट डे रहा।

चौथे दिन का हाल

  • चौथे दिन दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी 530 रन पर ढेर हो गई।
  • इस दिन इंग्‍लैंड ने 1 विकेट खोकर 35 रन भी बनाए।
  • मैच के 5वें दिन अंग्रेज टीम ने 6 विकेट गंवाए और 268/7 स्‍कोर किया।
  • मेहमान इंग्‍लैंड टीम छठे दिन पहली पारी में 316 रन पर सिमट गई।
  • ऐसे में साउथ अफ्रीका के पास पहली पारी के आधार पर 214 रन की बढ़त थी।

पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए

दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी 481 रन पर ऑलआउट हुई। ऐसे में इंग्लैंड को जीत के लिए 696 रनों का टारगेट मिला। 8वें दिन स्‍टंप तक इंग्‍लैंड ने 253/1 स्‍कोर किया। 9वां दिन बारिश की भेंट चढ़ गया। 10वें दिन संडे था, ऐसे में यह रेस्‍ट डे रहा।

11वें दिन इंग्लैंड ने 3 विकेट खोकर 496 रन बनाए। अब टीम जीत से सिर्फ 200 रन दूर थी। इतना ही नहीं यह इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच किंग्स्टन में 1930 में खेले गए मैच को पछाड़कर सबसे लंबा चलने वाला मैच बना।

बारिश ने बिगाड़ा खेल

इंग्लैंड टीम को ट्रेन से केपटाउन जाना था। केपटाउन से इंग्‍लैंड टीम को बोट पकड़नी थी। ऐसे में 12वें दिन को मैच का आखिरी दिन घोषित किया गया। टी ब्रेक तक अंग्रेजों ने 5 विकेट के नुकसान पर 654 रन बनाए। अब उनहं जीत के लिए महज 42 रन बनाने थे और 5 विकेट हाथ में थे। इसके बाद हुई जोरदार बारिश के कारण मैच नहीं हो सकता और अंत में यह ड्रॉ हुआ।



Leave a Comment