30 करोड़ और मंत्री पद का ऑफर, CM अब्दुल्ला ने खोली भाजपा के सीक्रेट गेम की पोल
Last Updated:
उमर अब्दुल्ला ने बीजेपी पर उनकी चुनी हुई सरकार को गिराने और पार्टी में फूट डालने की बड़ी साजिश का सनसनीखेज आरोप मढ़ दिया. डल झील के किनारे गूंजे इस भाषण में मुख्यमंत्री ने केवल राजनीतिक हमला नहीं किया, बल्कि भाजपा के उस ‘गुप्त ऑपरेशन’ की पूरी स्क्रिप्ट सार्वजनिक कर दी जो कथित तौर पर बंद दरवाजों के पीछे चल रहा है.
उमर अब्दुल्ला ने बीजेपी पर नेकां के विधायकों को खरीदने की कोशिश करने का आरोप लगाया. (फाइल फोटो)
श्रीनगर. जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर सत्तारूढ़ नेशनल कांफ्रेंस (नेकां) में फूट डालकर उनकी सरकार गिराने की कोशिश करने का आरोप लगाया. अब्दुल्ला ने अपनी दादी अकबर जहां की 26वीं पुण्यतिथि पर हजरतबल में अपने दादा-दादी के मजार पर कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा उनके विधायकों को खरीदने के लिए धनबल का इस्तेमाल कर रही है.
अब्दुल्ला ने दावा किया, “नेशनल कांफ्रेंस को तोड़ने की कोशिशें की जा रही हैं. पैसे और मंत्री पद का लालच काम न आने पर भाजपा अब बंद दरवाजों के पीछे मेरे विधायकों से कह रही है कि ‘हमारे साथ आ जाओ और हम तुम्हें राज्य का दर्जा दिला देंगे’.” मुख्यमंत्री ने यह भी दावा किया कि जम्मू के एक नेकां विधायक ने उन्हें बताया कि उन्हें भाजपा खेमे में शामिल होने के लिए 30 करोड़ रुपए और मंत्री पद की पेशकश की गई थी.
उन्होंने कहा, “भगवान गवाह है कि जम्मू के एक विधायक ने मुझे बताया कि भाजपा के एक पदाधिकारी ने – जो सुप्रीम कोर्ट के वकील भी हैं – उनसे समर्थन मांगा और बदले में 20-30 करोड़ रुपए, एक मंत्री पद और राज्य का दर्जा देने की पेशकश की. उन्हें लगता है कि लोगों का भरोसा इतना कमज़ोर है.”
अब्दुल्ला ने कहा कि नेशनल कांफ्रेंस के विधायक खुद को नहीं ‘बेचेंगे’. उन्होंने कहा कि एक भी ऐसा विधायक नहीं है जो 20 करोड़ या 100 करोड़ रुपए के लिए अपनी ईमानदारी बेच दे, “क्योंकि हम जानते हैं कि हमें भगवान को जवाब देना है.” अब्दुल्ला ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, “यह मत सोचिए कि हम इतने कमज़ोर हैं कि आप पिछले दरवाज़े से सत्ता पर काबिज हो जाएंगे.”