बीकानेर में सरकारी शिक्षक बनने का सपना लेकर परीक्षा केंद्र पहुंची एक महिला अभ्यर्थी की उम्मीदें रविवार को महज तीन मिनट की देरी के कारण टूट गईं। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की वरिष्ठ अध्यापक (माध्यमिक शिक्षा विभाग) प्रतियोगी परीक्षा-2025 के दौरान बीकानेर के बीजेएस रामपुरिया कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्र पर भावुक कर देने वाला दृश्य देखने को मिला। आयोग के सख्त नियमों के कारण समय सीमा पार होने पर महिला अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिल सका।
जानकारी के अनुसार, रामपुरा बस्ती निवासी एक विवाहित अभ्यर्थी परीक्षा शुरू होने से करीब तीन मिनट बाद केंद्र पहुंची। जब तक वह दौड़ते हुए मुख्य द्वार तक पहुंची, तब तक प्रवेश द्वार बंद किया जा चुका था। गेट बंद देखकर वह भावुक हो गई और वहीं बैठकर सुरक्षाकर्मियों तथा परीक्षा स्टाफ से हाथ जोड़कर अंदर जाने की अनुमति मांगने लगी।
गुहार लगाती रही, लेकिन नियमों के आगे नहीं मिली राहत
महिला अभ्यर्थी ने कुछ मिनट तक लगातार परीक्षा देने की अनुमति देने की अपील की, लेकिन राजस्थान लोक सेवा आयोग के निर्धारित नियमों के कारण उसे प्रवेश नहीं दिया जा सका। अंततः उसे निराश होकर लौटना पड़ा। इस दौरान वहां मौजूद अन्य अभ्यर्थी और उनके परिजन भी इस दृश्य को देखकर भावुक हो गए।
फोटो भूलने की छोटी गलती भी पड़ी भारी
इसी परीक्षा केंद्र पर एक अन्य अभ्यर्थी दुर्गा साध (परिवर्तित नाम) भी दस्तावेजों की कमी के कारण परीक्षा से वंचित रह गई। वह परीक्षा देने तो पहुंची, लेकिन अपना पासपोर्ट आकार का फोटो साथ लाना भूल गई थी। दस्तावेजों की जांच के दौरान कमी मिलने पर उसे प्रवेश द्वार पर रोक दिया गया। परिजनों को फोटो लाने के लिए सूचना दी गई, लेकिन निर्धारित समय तक फोटो नहीं पहुंच सका। ऐसे में उसे भी परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं मिली।
दो अन्य महिला अभ्यर्थियों को भी नहीं मिला प्रवेश
परीक्षा केंद्र पर दो अन्य महिला अभ्यर्थी भी निर्धारित समय के बाद पहुंचीं। आयोग के नियमों के अनुसार समय सीमा समाप्त होने के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जा सकता था। इसलिए उन्हें भी परीक्षा केंद्र के बाहर से ही वापस लौटना पड़ा।
ये भी पढ़ें- भीलवाड़ा प्रसूता मौत मामला: सरकारी जांच में खुलासा, OT संक्रमण नहीं बल्कि इन कारणों से हुईं मौतें; जांच तेज
10,992 अभ्यर्थियों के लिए बनाए गए 37 परीक्षा केंद्र
बीकानेर जिले में वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा के लिए 10,992 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा के सुचारु, पारदर्शी और कदाचारमुक्त संचालन के लिए जिले में 37 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्रों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं और आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है।