इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल की ओर से हॉल ऑफ फेम में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली, अंजुम चोपड़ा और केविन पीटरसन को शामिल किया गया है।

जय शाह ने दी बधाई
आईसीसी मुखिया जय शाह ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से सौरव गांगुली, अंजुम चोपड़ा और केविन पीटरसन को बधाई दी। जय शाह ने लिखा,’मुझे ICC हॉल ऑफ फेम में शामिल होने वाले नए खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए बहुत खुशी हो रही है। यह उन असाधारण लोगों के लिए सम्मान है जिनकी उपलब्धियों ने हमारे खेल में बहुत बड़ा योगदान दिया है। सौरव गांगुली, अंजुम चोपड़ा और केविन पीटरसन, इन सभी ने गर्व के साथ अपनी राष्ट्रीय टीमों की कप्तानी की है और मैं ICC की ओर से उन्हें इस बेहद हकदार सम्मान के लिए बधाई देना चाहता हूं।’
सौरव गांगुली ने दिया बयान
सौरव गांगुली को भारतीय क्रिकेट का चेहरा बदलने वाला कप्तान माना जाता है। भारत के लिए उन्होंने 113 टेस्ट और 311 वनडे खेले। जिसमें दादा ने क्रमश: 7212 और 11363 रन बनाए। हॉल ऑफ फेम में जगह मिलने पर गांगुली ने कहा, ‘ICC हॉल ऑफ फेम में शामिल होना मेरे लिए सम्मान की बात है। क्रिकेट के महानतम खिलाड़ियों में मेरा नाम शामिल होना मेरे सबसे यादगार पलों में से एक रहेगा।’
अंजुम चोपड़ा ने भी दिया रिएक्शन
महिला टीम की पूर्व कप्तान और 127 वनडे खेलने वालीं अंजुम चोपड़ा ने भी अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, ‘खेल के दिग्गजों के बीच पहचाने जाने का यह सम्मान उन सभी लोगों के लिए एक पुरस्कार है जिन्होंने मेरे करियर को संवारने में मदद की है। मैं उन सभी का आभारी हूं और ICC हॉल ऑफ फेम में शामिल होने पर बहुत खुश हूं।’
केविन पीटरसन ने जाहिर की खुशी
केविन पीटरसन अपने दौर के सबसे बेबाक और रचनात्मक बल्लेबाजों में से एक रहे। इंग्लैंड के लिए उन्होंने 104 वनडे और 136 टेस्ट खेले। हॉल ऑफ फेम में अपना नाम देख उन्होंने कहा, ‘ICC हॉल ऑफ फेम में शामिल होना बहुत बड़े सम्मान की बात है। इस तरह पहचान मिलना और खेल के इतने महान खिलाड़ियों के साथ अपना नाम देखना सचमुच बहुत गर्व और विनम्रता का अनुभव कराता है।’
