ईरान ने होर्मुज में कमर्शियल शिप पर किया अटैक, 11 भारतीय थे सवार, अब भारत का आया रिएक्शन


होर्मुज स्ट्रेट में एक कमर्शियल जहाज पर हुए हमले के बाद भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. ओमान तट के पास हुए इस हमले में GFS Galaxy नामक जहाज पर 11 भारतीय नागरिक सवार थे. भारत सरकार ने बताया कि इनमें से 10 भारतीयों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि एक भारतीय अब भी लापता है. विदेश मंत्रालय (MEA) ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि ओमान स्थित भारतीय दूतावास लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर राहत एवं बचाव अभियान में समन्वय कर रहा है.

MEA ने हमले की कड़ी निंदा की

विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि भारत ओमान तट के पास कमर्शियल जहाज GFS Galaxy पर हुए हमले की कड़ी निंदा करता है. मंत्रालय के मुताबिक, जहाज पर मौजूद 11 भारतीयों में से 10 को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि एक भारतीय नागरिक के लापता होने की सूचना है.

MEA ने कहा कि ओमान में भारतीय दूतावास लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है और ओमानी अधिकारियों के साथ मिलकर खोज एवं बचाव अभियान में सक्रिय रूप से सहयोग कर रहा है. भारत ने इस सहायता के लिए ओमान सरकार का आभार भी जताया.

भारत ने तनाव कम करने की अपील की
भारत ने क्षेत्र में लगातार कमर्शियल जहाजों पर हो रहे हमलों को गंभीर चिंता का विषय बताया. विदेश मंत्रालय ने सभी पक्षों से तत्काल तनाव कम करने और बातचीत के जरिए समाधान निकालने की अपील की. बयान में कहा गया कि अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर व्यावसायिक जहाजों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया जाना बंद होना चाहिए. साथ ही अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत समुद्री व्यापार और नौवहन को बिना किसी बाधा के जल्द से जल्द बहाल किया जाना चाहिए.

ईरान ने जहाज पर फायरिंग के बाद बंद किया होर्मुज स्ट्रेट
यह घटना ऐसे समय हुई है जब ईरान और अमेरिका के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है. ईरान ने दावा किया कि उसकी इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने साइप्रस के झंडे वाले कंटेनर जहाज पर कार्रवाई की, क्योंकि वह कथित तौर पर अधिकृत समुद्री मार्ग के बजाय दूसरे रास्ते से गुजर रहा था. IRGC का कहना है कि कई जहाजों को निर्धारित शिपिंग कॉरिडोर से गुजरने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन उन्होंने निर्देशों का पालन नहीं किया. ईरान ने फायरिंग को “चेतावनी स्वरूप की गई कार्रवाई” बताया और इसके बाद होर्मुज स्ट्रेट को अगली सूचना तक बंद करने का ऐलान कर दिया.

अमेरिका ने बताया नागरिक जहाज पर हमला
दूसरी ओर, अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने इस घटना को एक नागरिक कमर्शियल जहाज पर सीधा हमला बताया. CENTCOM के अनुसार, हमले में जहाज के इंजन रूम को भारी नुकसान पहुंचा, जिससे उसमें आग लग गई और चालक दल को जहाज छोड़कर लाइफबोट के जरिए बाहर निकलना पड़ा. अमेरिका का कहना है कि इस हमले में एक नागरिक क्रू सदस्य लापता है.





Leave a Comment