स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने हाल ही में बाबर आजम को टेस्ट टीम का कप्तान नियुक्त किया था। उन्होंने शान मसूद की जगह ली। पूर्व कप्तान रमीज राजा ने वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के आने वाले दौरों के लिए शान मसूद को टेस्ट कप्तानी से हटाने पर PCB की आलोचना की है।
बाबर के सामने भी चुनौती
बाबर ने 2020 से 2023 तक नेशनल टेस्ट टीम की कप्तानी की थी। रमीज ने अपने YouTube चैनल पर कहा, “आप उन्हें एक साधारण टेस्ट टीम देते हैं और फिर उनसे अच्छे नतीजों की उम्मीद करते हैं।” उन्होंने चिंता व्यक्त की कि बाबर को भी इसी तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा।
लिखित विरोध पत्र सौंपता
राजा ने कहा, “अगर मैं शान की जगह होता तो मैं बोर्ड को लिखित विरोध पत्र सौंपता कि जब किसी कप्तान को लगातार साधारण खिलाड़ियों का ग्रुप दिया जाता है, तो आप पॉजिटिव रिजल्ट की उम्मीद कैसे कर सकते हैं? अगर टेस्ट टीम का स्तर अच्छा नहीं है, तो इसके लिए सिर्फ कप्तान ही कैसे जिम्मेदार हो सकता है?”
शान की कप्तानी में प्रदर्शन
शान ने दिसंबर 2023 से 16 टेस्ट मैचों में पाकिस्तानी टीम की कप्तानी की। उनकी कप्तानी में पाकिस्तान को 12 मैच में हार का सामना करना पड़ा। टीम सिर्फ 4 टेस्ट मैच ही जीत सकी। रमीज ने कहा कि कप्तान उतना ही अच्छा होता है जितने अच्छे खिलाड़ी उसे मिलते हैं।
बाबर की कप्तानी में प्रदर्शन
पाकिस्तान की टीम 13 जुलाई को कैरेबियन के लिए रवाना होगी, जहां वे दो टेस्ट मैच खेलेंगे। इसके बाद अगस्त और सितंबर में तीन और रेड-बॉल मैच खेलने के लिए इंग्लैंड जाएंगे। टेस्ट में बाबर के आंकड़ों की बात करें तो उनकी कप्तानी में पाकिस्तान ने 20 मैच खेले थे और 10 में विजय प्राप्त की थी। 6 में टीम को हार का सामना करना पड़ा था और मुकाबले ड्रॉ रहे थे।