जागरण संवाददाता, चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ (WBDCA) की प्रबंधन समिति की चौथी बैठक रविवार को बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम स्थित एसआर रुंगटा पैविलियन में हुई। इसकी अध्यक्षता मुकुंद रूंगटा ने की।
इस बैठक में पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग के आयोजन को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी गई। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की तर्ज पर पहली बार आयोजित होने जा रही यह प्रतियोगिता सितंबर माह के तीसरे सप्ताह में शुरू होगी।
6 टीमें और 18 हाई-वोल्टेज मैच
संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह ने बताया कि इस लीग में कुल छह फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता के संचालन और इवेंट मैनेजमेंट के लिए जिला क्रिकेट संघ जल्द ही स्टेक स्पोर्ट्स जी के साथ एक औपचारिक करार करेगा।
बैठक के दौरान इस संस्था के प्रतिनिधियों ने टी-20 लीग का एक पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन भी पेश किया। 10 दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट का प्रारूप इस प्रकार होगा:
- लीग चरण: सभी 6 टीमें एक-दूसरे के खिलाफ खेलेंगी (कुल 15 मैच)।
- नॉकआउट चरण: अंक तालिका की शीर्ष 4 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी।
- फाइनल: सेमीफाइनल की विजेता टीमों के बीच खिताबी मुकाबला होगा।
खिलाड़ियों की होगी नीलामी, दिखेंगे आइकॉनिक प्लेयर्स
महासचिव ने कहा कि लीग में केवल पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ से निबंधित स्थानीय खिलाड़ी ही भाग ले सकेंगे। हालांकि, प्रतियोगिता का स्तर बढ़ाने के लिए झारखंड के कुछ नामी क्रिकेटरों को आइकॉनिक खिलाड़ी के रूप में आमंत्रित किया जाएगा।
छह फ्रेंचाइजी टीमों की बिडिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद खिलाड़ियों की नीलामी (Auction) आयोजित की जाएगी। इसका सीधा प्रसारण (Live Stream) भी किया जाएगा। इवेंट मैनेजमेंट संस्था के साथ अंतिम करार के बाद प्रतियोगिता के विस्तृत कार्यक्रम की घोषणा होगी।