क्या आप जानते हैं कि भारत में पाए जाने वाली संपों की प्रजातियों में सबसे ज्यादा खतरनाक सांप कौन से हैं। अगर नहीं जानते हैं तो आइए हम आपको भारत के उन 5 सबसे जहरीले और सबसे खतरनाक सांपों के बारे में बताते हैं, जिनके काटने पर इंसान की मौत करीब-करीब पक्की ही हो जाती है।

किंग कोबरा या नाग
भारत में पाए जाने वाले सांपों में सबसे जहरीला किंग कोबरा ही होता है। इसका जहर न्यूरोटॉक्सिक होता है। यानी काटने पर नर्वस सिस्टम पर बेहद बुरा असर डालता है और मांसपेशियों के साथ नसों का संपर्क टूट जाता है। इसके काटने के तुरंत बाद अगर एंटीवेनम दवा न मिले तो मौत पक्की है। कई मामलों में इसके काटने पर लकवा भी मार जाता है। ये अक्सर इंसानी बसाहट के आसपास खेत-खलिहान या मानव आबादी में पाया जाता है।

किंग कोबरा
कॉमन करैत
भारत के जहरीले सांपों की लिस्ट में ये दूसरे नंबर पर है। ये काफी शर्मीला होता है और अक्सर सोते हुए लोगों को ही काटता है। इसे साइलेंट किलर भी कहते हैं। ऐसा इसलिए कि कई बार इसके काटने के बाद न ही दर्द महसूस होता है और न ही शरीर के उस अंग पर कोई सूजन होती है। कई बार लोग इसे बिना जहर वाला सांप समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, जो उनकी मौत का कारण बनता है।
रसेल वाइपर
इस सांप की गिनती सिर्फ भारत ही नहीं बल्कि पूरे एशिया के सबसे जहरीले सांपों में होती है। ये इतना खतरनाक होता है कि इसके काटने पर किडनी फेल हो जाती है और खून के छोटे-छोटे थक्के जमने लगते हैं। ये जब भी काटता है तो काटने वाली जगह के मांस का हिस्सा जमने लगता है, जिसे काटकर अलग तक करना पड़ जाता है। खतरा महसूस होते ही यह बहुत तेजी से फुफकार मारता है।
सॉ-स्केल्ड वाइपर
इस सांप पर ‘देखन में छोटा लगे, घाव करे गंभीर’ लाइन फिट बैठती है। क्योंकि ये आकार में तो छोटा होता है, लेकिन इसकी गिनती दुनिया के सबसे जहरीले सांपों में होती है। भारत में यह महाराष्ट्र, राजस्थान और दक्षिण भारत के राज्यों में पाया जाता है। इसके काटने पर इंसान का खून तेजी से बहने लगता है। समय पर इलाज न मिले तो जिसे इसने काटा है, उसकी मौत हो सकती है।
बैम्बू पिट वाइपर
ये चमकीले हरे रंग का होता है, जिसके कारण प्रकृति में आसानी से छिप जाता है। इसके काटने पर तो खून के टिशू डैमेज हो जाते हैं। फफोले पड़ जाते हैं। तेज दर्द होता है। अंग सूज जाता है और तेजी से खून बहने लगता है। छेड़े बिना ये किसी पर हमला नहीं करता। अगर इस पर पैर पड़ जाए या इसे कोई छेड़ दे तो यह पूरी ताकत से हमला करके छेड़ने वाले को मौत की नींद सुला देता है।
सांप काटे तो क्या सावधानियां बरतें
- अगर आपको सांप काट ले तो घबराएं नहीं। शांति से काम लें। क्योंकि घबराने से धड़कन तेज हो जाती है और जहर शरीर में तेजी से फैलने लगता है।
- शरीर के जिस भी अंग में सांप काटे उसे ज्यादा हिलाएं-डुलाएं नहीं। सांप के काटने पर ज्यादा चलने-फिरने से बचना चाहिए।
- सांप के काटने पर घाव को साफ जरूर करना चाहिए। जहां काटा हो, वहां साबुन लगाकर उसे धोना चाहिए।
- वैसे सांप के काटने पर इंसान घबरा ही जाता है, लेकिन अगर संभव हो तो सांप की पहचान जैसे रंग और आकार याद रखना चाहिए। पोटो भी ली जा सकती है।
- आखिरी और सबसे अहम बात अगर सांप काट ले तो उस स्थान को रस्सी से न बांधें। मुंह से जहर न चूसें और झाड़-फूंक के चक्कर में तो बिल्कुल भी न पड़ें। सीधे अस्पताल जाएं।
