रोहित शर्मा और विराट कोहली 6 महीने बाद एकसाथ दिखेंगे, आखिरी बार इंग्लैंड में कब खेले थे?, Cricket Hindi News


भारत और इंग्लैंड के बीच मंगलवार से तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज होने जा रहा है। पहला वनडे बर्मिंघम के मैदान पर आयोजित होगा। इंग्लैंड में टी20 सीरीज 0-4 से गंवाने के बाद भारत अब वनडे में नए सिरे से शुरुआत करना चाहेगा। क्रिकेट फैंस काफी गदगद होंगे क्योंकि लंबे समय बाद दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली एकसाथ दिखेंगे। 39 वर्षीय रोहित और 37 वर्षीय विराट भारत के लिए सिर्फ वनडे क्रिकेट खेलते हैं। दोनों टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले चुके हैं। ऐसे में प्रशंसकों को दोनों को साथ में खेलते देखने का उतना मौका नहीं मिलता।

जनवरी में एकसाथ दिखे थे रोहित-विराट

रोहित और विराट पिछले बार जनवरी 2026 में साथ दिखे थे। तब भारत की 18 जनवरी को इंदौर में न्यूजीलैंड से तीसरे वनडे में टक्कर हुई थी। रोहित ने 11 रन बनाए जबकि विराट (124) के बल्ले से शतक निकला। भारत को 41 रनों से हार का मुंह देखना पड़ा। न्यूजीलैंड ने तीन मैचों की सीरीज पर 2-1 से कब्जा जमाया था। भारत ने पिछली वनडे सीरीज जून में अफगानिस्तान से खेली, जिसमें रोहित उतरे। उन्होंने 16, 48 और 79 रनों की पारी खेली। भारत ने 3-0 से क्लीव स्वीप किया। हालांकि, विराट मांसपेशियों में खिंचाव के कारण अफगानिस्तान सीरीज में नहीं खेले।

आखिरी बार इंग्लैंड में कब वनडे खेले?

रोहित और विराट ने इंग्लैंड में आखिरी बार जुलाई 2022 में वनडे मैच खेले थे। उस वक्त भारत ने तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम की थी। रोहित ने द ओवल में नाबाद 76 रनों की पारी खेली और मैनचेस्टर में 17 रन जोड़े। उनका लॉर्ड्स में खाता नहीं खुला था। रोहित के हाथों में भारतीय टीम की कमान भी थी। विराट सिर्फ दो मैचों में खेले थे। उन्होंने लॉर्ड्स में 16 और मैनचेस्टर में 17 रनों का योगदान दिया था। बता दें कि भारत और इंग्लैंड ने आपस में कुल 110 वनडे खेले हैं। इस भारत का पलड़ा भारी रहा। भारत ने 61 वनडे में जीत दर्ज की और इंग्लैंड ने 44 मैचों में बाजी मारी। तीन मुकाबले बेनतीजा रहे। दोनों टीमों ने आखिरी वनडे सीरीज 2025 में खेली थी, जो भारत में आयोजित हुई। रोहित की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने इंग्लैंड का 3-0 से सूपड़ा साफ किया था।

इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारत का स्क्वॉड: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), इशान किशन (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बराड़ और प्रिंस यादव।



Leave a Comment