इजरायल के पड़ोसी देश पर ईरान ने दागी मिसाइलें, कुवैत-बहरीन में भी हड़कंप – iran missile and drone attacks on us bases in jordan bahrain kuwait middle east ntc drmt


मिडिल-ईस्ट के कई देश अमेरिका और ईरान के बीच छिड़ी जंग की चपेट में आ गए हैं. ईरान की ‘इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स’ (IRGC) ने जॉर्डन, बहरीन और कुवैत में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर ताबड़तोड़ मिसाइलें दागीं.

ईरान ने दावा किया है कि इस हमले में इजरायल के पड़ोसी देश जॉर्डन में अमेरिकी एयरबेस के कमांड सेंटर और ड्रोन हैंगर्स को पूरी तरह तबाह कर दिया गया है. ईरान की सरकारी मीडिया IRIB ने पुष्टि की है कि जॉर्डन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमलों के बाद फ्लाइट्स को अस्थायी तौर पर रोक दिया गया है.

वहीं, जॉर्डन ने सोमवार को ऐलान किया कि उसने अपनी सीमा में आ रही ईरान की चार मिसाइलों को हवा में ही मार गिराया है. जॉर्डन की सरकारी समाचार एजेंसी ‘पेट्रा’ ने वहां की सेना के हवाले से बताया कि इस एंटी-मिसाइल एक्शन में किसी भी नागरिक के हताहत होने या किसी तरह के नुकसान की कोई खबर नहीं है.

‘हमें आजमाने की कोशिश की’

ईरानी सेना ने एक बयान जारी करते हुए इन हमलों की वजह भी बताई. IRGC ने कहा, ‘क्रिमिनल अमेरिकी सरकार ने ओमान की सरकार पर अपनी मर्जी थोपकर कल रात एक बार फिर हमें आजमाने की कोशिश की. अमेरिका ने कुछ जहाजों को उकसाकर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के दक्षिण में एक अवैध समुद्री रास्ता बनाने की कोशिश की, जिसे हमारी नौसेना ने निर्णायक कार्रवाई कर रोक दिया.’

ईरान ने आगे कहा, ‘इस हार की बौखलाहट में अमेरिकी सेना ने हमारे दक्षिणी तट पर कई तटीय ठिकानों और टेलीकॉम टावरों पर हवाई हमले किए. अपने वादे के मुताबिक, हमने इस आक्रामकता का तुरंत करारा जवाब दिया है.’ 

इससे पहले भी ईरान ने जॉर्डन के ‘प्रिंस हसन एयरबेस’ को कई बैलिस्टिक मिसाइलों से निशाना बनाया. इस हमले में बेस का मुख्य कमांड एंड कंट्रोल सेंटर और MQ9 ड्रोन के हैंगर्स पूरी तरह तबाह हो गए थे. 

यह भी पढ़ें: ‘अचानक मौत आएगी…’, ईरान की हिट लिस्ट में ट्रंप के साथ मेलोनी-मैक्रों भी! अखबार में छपी फोटोज

बहरीन में सायरन की गूंज, कुवैत में हिमार्स तबाह

जॉर्डन के साथ-साथ बहरीन और कुवैत भी सोमवार सुबह ईरानी मिसाइलों और रॉकेटों के निशाने पर रहे. अमेरिकी हमलों के जवाब में हो रहे ईरानी पलटवार के कारण बहरीन में सोमवार को तीसरी बार मिसाइल अलर्ट के सायरन गूंज उठे. ऐसे में पूरा देश इस समय हाई अलर्ट पर है.

ईरान की ‘प्रेस टीवी’ की मानें तो, ईरानी सेना ने कुवैत में अमेरिकी सेना के दो ‘हिमार्स’ मिसाइल लॉन्चरों और उनके मुख्य मिसाइल डिपो को पूरी तरह से तबाह कर दिया है.

—- समाप्त —-



Leave a Comment