ICC Player of The Month Nomination For June: अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने सोमवार (13 जुलाई) को जून (2026) महीने के लिए महिला और पुरुष वर्ग के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मंथ’ का नॉमिनेशन जारी किया. इस बार 2 भारतीय स्टार एक साथ नॉमिनेट हुए. पुरुष वर्ग में टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल का नाम शामिल रहा, वहीं महिला वर्ग में स्पिनर श्री चरणी का नाम नजर आया. इस तरह 2 भारतीय स्टार नॉमिनेट हुए.
शुभमन गिल के लिए शानदार रहा जून का महीना
गिल ने जून महीने की शुरुआत अफगानिस्तान के खिलाफ इकलौते टेस्ट में 126 रनों की शानदार पारी खेलकर की. इसके बाद वनडे सीरीज की 2 पारियों में बैटिंग करते हुए भारतीय कप्तान ने कुल 238 रन बनाए. पहली पारी में उनके बल्ले से 84 रन और दूसरी में 154 रन निकले.
शुभमन गिल के अलावा पुरुष वर्ग में बाकी नॉमिनेशन
गिल के अलावा पुरुष वर्ग में बाकी दो खिलाड़ी बांग्लादेश के ऑलराउंडर मोसाद्देक हुसैन और न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज नाथन स्मिथ शामिल रहे.
09 से 14 जून के बीच खेली गई तीन मैचों की वनडे सीरीज में बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2-1 से जीत दर्ज की. यह क्रिकेट इतिहास में पहला मौका था कि जब बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया को वनडे सीरीज में हराया था. इस सीरीज में मोसाद्देक को ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ का खिताब मिला था.
न्यूजीलैंड ने जून के महीने में इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 3-0 से जीत हासिल की. इस सीरीज में कीवी तेज गेंदबाज नाथन सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे. उन्होंने 3 मैचों में 16 विकेट अपनी झोली में डाले.
महिला वर्ग में श्री चरणी के अलावा कौन-कौन हुआ नॉमिनेट?
महिला वर्ग में भारत की श्री चरणी के अलावा स्कॉटलैंड की कप्तान कैथरीन ब्राइस और इंग्लैंड की ओपनर डैनी वायट-हॉज नॉमिनेट हुईं.
भारत की श्री चरणी जून और जुलाई के बीच खेले गए 2026 टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज रहीं. उन्होंने 5 मैचों में 14 विकेट चटकाए.
स्कॉटलैंड की कप्तान ने पिछले महीने में बल्लेबाजी करते हुए टी20 इंटरनेशनल में 25.42 की औसत और 140.15 के स्ट्राइक रेट से 178 रन बनाए. इसके अलावा 11 विकेट भी अपने नाम किए.
बाकी इंग्लिश ओपनर ने जून के महीने में 71.75 के शानदार औसत और 151.85 के तूफानी स्ट्राइक रेट से 287 रन बनाए. वह 2026 टी20 वर्ल्ड कप में भी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज रहीं. उन्होंने 302 रन स्कोर किए.
यह भी पढे़ं: स्टीफन फ्लेमिंग गए, अब कौन बनेगा CSK का नया हेड कोच? रेस में सबसे आगे ये भारतीय दिग्गज