Noida News: ग्रेटर नोएडा के मलकपुर खेल परिसर में बैडमिंटन के लिए सिंथेटिक और वुडन कोर्ट तैयार कर दिए गए हैं। प्रशिक्षण के लिए कोच की नियुक्ति की जाएगी और खिलाड़ियों को प्रशिक्षण हेतु 210 रुपये फीस देनी होगी। खेल विभाग बच्चों को निशुल्क प्रशिक्षण भी प्रदान करेगा।

Noida News: ग्रेटर नोएडा, सीएल मौर्य। ग्रेटर नोएडा के मलकपुर खेल परिसर के इंडोर हॉल में बैडमिंटन के खिलाड़ियों के सिंथेटिक और वुडन कोर्ट बनकर तैयार हो गया है। इसके संचालन के लिए खेल विभाग जिला खेलकूद प्रोत्साहन समिति के सहयोग से कोच की नियुक्ति की जाएगी। इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रभारी जिला खेल अधिकारी डॉ़ परवेज अली ने बताया कि बैडमिंटन के खिलाड़ियों को 210 रुपये में बारीकियां सीखने को मिलेंगी। सुबह और शाम के समय खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। स्टेडियम में खेल सुविधाओं को बढ़ाया जा रहा है। इसके लिए खेल विभाग अब जल्द ही स्टेडियम में कार्यरत कोच को बेसिक शिक्षा विभाग और माध्यमिक शिक्षा विभाग के सरकारी स्कूलों में भेजकर बच्चों को खेल के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि स्कूलों में नया सत्र शुरू होने के बाद से बच्चों की संख्या बढ़ी है। ऐसे में बच्चों को स्टेडियम में आकर अलग-अलग खेल के प्रशिक्षण के लिए कोच जाकर जागरूक करेंगे। सभी बच्चों को 210 रूपये में खेल का प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को खेल विभाग निशुल्क भी उसके पसंदीदा खेलों में प्रशिक्षण दिलाएगा। उन्होंने बताया कि स्टेडियम में बैडमिंटन के खिलाड़ियों के बढ़ते जुनून को देखते हुए दो कोर्ट तैयार कराए गए हैं। इंडोर हॉल में एक सिंथेटिक कोर्ट बना हुआ है, जबकि एक वुडन कोर्ट तैयार कराया गया है।खिलाड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला खेलकूद प्रोत्साहन समिति के सामने बैडमिंटन के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण देने के लिए एक कोच समिति के माध्यम से रखने के लिए अपील की गई है।
