भारत-जापान ने रक्षा सहयोग, साइबर सुरक्षा और हिंद-प्रशांत रणनीति पर टोक्यो में की महत्वपूर्ण चर्चा


डिजिटल डेस्क, टोक्यो। टोक्यो में सोमवार को हुई एक अहम द्विपक्षीय बैठक में भारत और जापान ने रक्षा औद्योगिक सहयोग, तकनीकी इनोवेशन, साइबर सुरक्षा, अंतरिक्ष और साझा रणनीतिक हितों वाले अन्य क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की।

दोनों पक्षों ने क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा मुद्दों पर दोनों देशों के बीच बढ़ती सहमति पर संतोष व्यक्त किया और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में मिलकर काम जारी रखने पर सहमति जताई। साथ ही, उन्होंने अंतरराष्ट्रीय कानून के सम्मान पर आधारित स्वतंत्र, खुले और नियमों पर चलने वाले हिंद-प्रशांत क्षेत्र को बढ़ावा देने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

भारतीय रक्षा मंत्रालय ने दी जानकारी

भारत के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि दोनों पक्षों ने सोमवार को टोक्यो में अपनी आठवीं रक्षा नीति वार्ता आयोजित की। भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने किया, जबकि जापानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व अंतरराष्ट्रीय मामलों के लिए रक्षा उप-मंत्री कानो कोजी ने किया।

बयान में कहा गया है कि दोनों देशों ने मौजूदा क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा माहौल पर व्यापक चर्चा की और आपसी हित के मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। वार्ता में द्विपक्षीय रक्षा संबंधों के पूरे दायरे की समीक्षा की गई, जिसमें सेनाओं के बीच आदान-प्रदान, संयुक्त मुख्यालयों के बीच सहयोग, समुद्री सहयोग, रक्षा अभ्यास, क्षमता निर्माण, रक्षा उपकरण और प्रौद्योगिकी सहयोग (समुद्री प्रौद्योगिकी सहित) और बेहतर संस्थागत बातचीत शामिल हैं।



Leave a Comment