युवराज सिंह ने Vaibhav Suryavanshi को दिया नया नाम, अभिषेक शर्मा को खुद से बताया बेहतर


पीटीआई, लंदन। अपने जमाने के धाकड़ बल्लेबाज युवराज सिंह ने बेखौफ होकर खेलने वाले भारतीय बल्लेबाजों को अर्नोल्ड श्वार्जनेगर अभिनीत प्रतिष्ठित हॉलीवुड फिल्म ‘टर्मिनेटर’ के विभिन्न संस्करणों की तर्ज पर खुद को टर्मिनेटर, अभिषेक शर्मा को टर्मिनेटर चार और वैभव सूर्यवंशी को टर्मिनेटर छह बताया।

अभिषेक के लिए मार्गदर्शक का काम करने वाले भारत के पूर्व ऑलराउंडर युवराज का मानना है कि 15 वर्षीय सूर्यवंशी आक्रामक बल्लेबाजी के विकास में अगला कदम है। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें इस युवा खिलाड़ी के साथ काम करने का मौका मिलता है तो उन्हें खुशी होगी।

अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी की युवराज सिंह ने की जमकर तारीफ

युवराज ने जियोहाटस्टार से कहा कि मैं खुद को टर्मिनेटर कहता हूं। अब अभिषेक शर्मा के रूप में टर्मिनेटर चार आ गया है, क्योंकि वह मुझसे चार गुना बेहतर है। अब वैभव सूर्यवंशी के रूप में टर्मिनेटर छह आ गया है। अभिषेक और सूर्यवंशी के साथ विंबलडन का पुरुष सिंगल्स का फाइनल देखने वाले युवराज ने कहा कि मैंने अपने समय में अपना काम किया, अभिषेक ने इसे और आगे बढ़ाया और अब वैभव नए मानक स्थापित कर रहा है।

वैभव के साथ समय बिताना चाहते हैं युवराज

यह उसी सफर का तीसरा चरण है। खेल को इस तरह विकसित होते देखना बहुत अच्छा लगता है। उन्होंने कहा कि जब मैं जानिक सिनर और कार्लोस अलकराज को देखता हूं, तो मुझे टेनिस में हो रहे बदलाव नजर आते हैं। अभिषेक और वैभव में भी मुझे यही विकास दिखाई देता है। मैंने अभिषेक के साथ काफी समय बिताया है और मैं वैभव के साथ भी समय बिताना चाहूंगा। उसका भविष्य उज्ज्वल है।



Leave a Comment