फीफा वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में फुटबॉल की दो दिग्गज टीमें स्पेन और फ्रांस आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला रोमांच और रणनीति से भरपूर रहने की उम्मीद है।

19 साल के यामाल ने फ्रांस को दी चेतावनी
स्पेन इस टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में नजर आया है। टीम ने अब तक खेले सभी छह मुकाबले जीतकर अपनी ताकत साबित की है। स्पेन ने पूरे टूर्नामेंट में 27 गोल किए हैं, जबकि उसके खिलाफ सिर्फ चार गोल हुए हैं। गेंद पर नियंत्रण बनाए रखने और लगातार पासिंग के जरिए विपक्षी टीम को दबाव में रखने की उसकी रणनीति अब तक सफल रही है। युवा स्टार लामिन यामाल और निको विलियम्स ने टीम के आक्रमण को नई धार दी है। यामाल ने क्वार्टर फाइनल के बाद ही फ्रांस को यूरो 2024 की हार याद दिलाते हुए चेता दिया था। उन्होंने साफ शब्दों में कहा था कि फ्रेंच टीम को स्पेन से डरने की जरूरत है।
4-2-3-1 का व्यूह
फ्रांस को रोकने के लिए स्पेन के कोच लुइस डी ला फुएते 4-2-3-1 के फॉर्मेशन के साथ मैदान पर उतर सकते हैं। इससे उनको फ्रेंच टीम के आक्रामक खेल पर काबू पाने में मदद मिलेगी। फ्रांस की सबसे बड़ी ताकत किलीयन एम्बाप्पे हैं, उन्होंने मौजूदा विश्व कप में सबसे ज्यादा 8 गोल किए हैं। ऐसे में उनको रोकना चुनौतीपूर्ण होने वाला है। 2 होल्डिंग मिडफील्डर्स की मदद से स्पेन एम्बाप्पे को रोक सकता है। इससे बाकी स्ट्राइकर को भी अंदर कट इन करने से रोका जा सकता है।
फ्रांस को हल्के में लेना होगा गलती
स्पेन की ओर से फ्रांस को हल्के में लेना गलती हो सकती है। फ्रांस गेंद पर लंबे समय तक कब्जा रखने के बजाय मौके का इंतजार करता है और फिर तेज काउंटर अटैक के जरिए विरोधी टीम पर हमला बोलता है। कप्तान किलियन एम्बाप्पे ये करने में सबसे माहिर खिलाड़ी माने जाते हैं। उनकी रफ्तार और गोल करने की क्षमता किसी भी मजबूत डिफेंस को मुश्किल में डाल सकती है। फ्रांस ने इस वर्ल्ड कप में अब तक 13 गोल किए हैं और सिर्फ सात गोल खाए हैं।
दोनों टीमों के बीच रिकॉर्ड
अगर दोनों टीमों के आपसी रिकॉर्ड पर नजर डालें तो मुकाबला काफी बराबरी का रहा है। स्पेन और फ्रांस अब तक 38 बार आमने-सामने आ चुके हैं। इनमें स्पेन ने 18 मुकाबले जीते हैं, जबकि फ्रांस के खाते में 13 जीत दर्ज हैं। सात मुकाबले ड्रॉ रहे हैं। यह आंकड़े बताते हैं कि दोनों टीमों के बीच हमेशा कांटे की टक्कर देखने को मिलती है।
रात 12:30 बजे खेला जाएगा मुकाबला
भारतीय समयानुसार यह सेमीफाइनल मुकाबला रात 12:30 बजे खेला जाएगा। फुटबॉल प्रशंसकों को इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में रोमांच, बेहतरीन रणनीति और स्टार खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिल सकता है। विजेता टीम सीधे फाइनल में जगह बनाएगी, जबकि हारने वाली टीम का विश्व चैंपियन बनने का सपना यहीं समाप्त हो जाएगा।
