इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज जोनाथन ट्रॉट को 14 दिनों के लिए आयरलैंड पुरुष क्रिकेट टीम का सलाहकार नियुक्त किया गया है, जहां वे अगले महीने अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के लिए रणनीतिक योजना तैयार करेंगे।

सिर्फ 14 दिनों का होगा कार्यकाल
जोनाथन ट्रॉट का आयरलैंड टीम के साथ यह कार्यकाल बेहद सीमित समय के लिए होगा। ट्रॉट की यह कंसल्टेंसी भूमिका केवल 14 दिनों की होगी, जिसका मुख्य फोकस अगले महीने अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए आयरलैंड की तैयारियों को मजबूत करना है। वे 5 और 7 अगस्त को ब्रेडी में खेले जाने वाले पहले दो वनडे मैचों के दौरान टीम के साथ मैदान पर मौजूद रहकर रणनीतिक सलाह देंगे।
अफगानिस्तान टीम का पुराना अनुभव आयरलैंड के आएगा काम
45 साल के जोनाथन ट्रॉट हाल ही में फरवरी तक चार साल के लिए अफगानिस्तान टीम के मुख्य कोच रह चुके हैं। क्रिकेट आयरलैंड के हाई परफॉर्मेंस डायरेक्टर ग्रीम वेस्ट ने इस पर कहा कि अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज साल 2027 की शुरुआत में होने वाले आईसीसी पुरुष क्रिकेट वर्ल्ड कप क्वालिफायर की तैयारियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। चूंकि जोनाथन हाल ही में अफगानिस्तान टीम के साथ काम कर चुके हैं, इसलिए उनके पास विरोधी टीम की कमजोरियों और ताकतों की सटीक जानकारी है, जो आयरिश खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ के बेहद काम आएगी।
कोचिंग करियर में ट्रॉट का रहा है बड़ा अनुभव
जोनाथन ट्रॉट के पास इंटरनेशनल और घरेलू स्तर पर कोचिंग का एक लंबा और शानदार अनुभव है। वे इससे पहले इंग्लैंड अंडर-19 टीम, वार्विकशायर, केंट और स्कॉटलैंड क्रिकेट टीम के साथ भी विभिन्न कोचिंग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। आयरलैंड क्रिकेट बोर्ड को उम्मीद है कि उनके आने से न सिर्फ खिलाड़ियों के खेल में सुधार होगा, बल्कि वे अपना लीडरशिप अनुभव भी वहां के स्थानीय स्टाफ के साथ साझा कर सकेंगे।
