पीटीआई, नई दिल्ली। कोडेक्स एलिमेंटेरियस कमीशन ने काजू गिरी के लिए एक वैश्विक मानक विकसित करने के भारतीय प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस कदम से दुनिया के सबसे व्यापक रूप से कारोबार किए जाने वाले ट्री-नट्स में से एक के निर्यात को बढ़ावा मिलेगा। यह फैसला 6-10 जुलाई तक जिनेवा में आयोजित आयोग के 49वें सत्र में लिया गया।
कोडेक्स एलमेंटेरियस आयोग (सीएसी) एक अंतरराष्ट्रीय खाद्य मानक निकाय है, जिसकी स्थापना खाद्य और कृषि संगठन (एफएओ) और विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) द्वारा संयुक्त रूप से मई 1963 में उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की रक्षा और खाद्य व्यापार में निष्पक्ष प्रथाओं को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई थी।
काजू गिरी के पास अभी कोई समर्पित कोडेक्स मानक नहीं है। भारत ने कहा कि प्रसंस्कृत फलों और सब्जियों पर कोडेक्स समिति के तहत विकसित किया जाने वाला नया मानक अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता और सुरक्षा आवश्यकताओं में सामंजस्य स्थापित करेगा, व्यापार में तकनीकी बाधाओं को कम करेगा और भारतीय निर्यातकों के लिए बाजार पहुंच को मजबूत करेगा।