पटना में चल रहा था गंदे धंधे का खेल (ETV Bharat)
पटना : राजधानी पटना से सटे खगौल थाना क्षेत्र में पुलिस ने कथित देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक होटल में छापेमारी की. इस दौरान तीन नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया, जबकि होटल संचालक समेत कई लोगों को हिरासत में लिया गया है. पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है.
पटना में कथित सैक्स रैकेट का खुलासा : पुलिस के अनुसार, पटना पश्चिमी सिटी एसपी संकेत कुमार के निर्देश पर दानापुर डीएसपी-2 के नेतृत्व में खगौल थाना पुलिस ने त्रिभुवन मोड़ स्थित विजय सिंह यादव पथ पर संचालित द ड्रैगन होटल में छापेमारी की. तलाशी के दौरान होटल के विभिन्न कमरों में कई युवक और युवतियां संदिग्ध परिस्थितियों में मिले.
पटना में कथित सैक्स रैकेट का खुलासा (ETV Bharat)
आपत्तिजनक सामान भी बरामद : छापेमारी के दौरान पुलिस ने होटल से मोबाइल फोन, नकद राशि, कंडोम के पैकेट और कुछ शक्ति वर्धक दवाइयां बरामद कीं. बरामद सभी सामान को जब्त कर लिया गया है. पुलिस डिजिटल साक्ष्यों और अन्य सामग्री की जांच कर यह पता लगाने में जुटी है कि इस मामले से जुड़े अन्य लोग कौन हैं.
”पटना पश्चिमी सिटी एसपी संकेत कुमार के आदेश पर गुप्त सूचना के आधार पर यह छापेमारी की गई. होटल से कई युवक-युवतियों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया है. बरामद सामान को जब्त कर लिया गया है और सभी हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है. जांच के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं.”– अमरकांत झा, डीएसपी, दानापुर-2
तीन नाबालिग लड़कियां सुरक्षित रेस्क्यू : कार्रवाई के दौरान तीन नाबालिग लड़कियों को रेस्क्यू किया गया. पुलिस ने बाल संरक्षण से जुड़े प्रावधानों के तहत उन्हें सुरक्षित संरक्षण में भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि नाबालिगों से जुड़े मामलों में लागू कानूनों के अनुसार अलग से कार्रवाई की जाएगी.
होटल संचालक समेत कई लोग हिरासत में : पुलिस ने होटल संचालक सहित कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में होटल में कथित तौर पर देह व्यापार संचालित होने की आशंका जताई गई है. हालांकि, पुलिस ने कहा है कि पूरे मामले की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी.
मानव तस्करी के एंगल से भी जांच : दानापुर डीएसपी-2 अमरकांत झा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई. उन्होंने कहा कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की जा रही है. यदि जांच के दौरान किसी संगठित गिरोह या मानव तस्करी से जुड़े नेटवर्क के साक्ष्य मिलते हैं तो उसके अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
जांच जारी : पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है. हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है और बरामद मोबाइल फोन समेत अन्य साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी. जांच के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं.
ये भी पढ़ें-