Dausa News:बिजली लाइन सुधारते समय ठेका कर्मी की मौत, मुआवजे और नौकरी की मांग पर अड़े परिजन; प्रदर्शन – Dausa: Contract Worker Dies While Repairing Power Line; Family Adamant On Demands For Compensation And A Job


बिजली विभाग की फॉल्ट रिपेयर टीम (FRT) के एक ठेका कर्मी की करंट लगने से मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों लोगों ने जिला अस्पताल के बाहर दौसा-लालसोट हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया।

जानकारी के अनुसार हादसा मंगलवार देर शाम सदर थाना क्षेत्र के रलावता गांव स्थित भांडारेज फीडर पर हुआ। बिजली लाइन की मरम्मत के दौरान फॉल्ट रिपेयर टीम (FRT) का ठेका कर्मी अवतार गुर्जर (35) करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।

पढ़ें: करोड़ों की आय, हजारों संपत्तियां और बहुमूल्य आभूषण; जानकर चौंक जाएंगे आप

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन, ग्रामीण और परिचित बड़ी संख्या में जिला अस्पताल पहुंच गए। हादसे से आक्रोशित लोगों ने अस्पताल परिसर में धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला अस्पताल को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए कोतवाली, सदर, सैंथल, नांगल राजावतान और महिला थाना सहित पांच थानों का पुलिस जाप्ता तैनात किया गया। अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। धरने की सूचना पर एडीएम अरविंद शर्मा, एएसपी शंकरलाल मीणा और बिजली निगम के एक्सईएन हरिओम मीणा मौके पर पहुंचे तथा परिजनों से वार्ता कर उन्हें समझाने का प्रयास किया।

परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही मृतक के परिवार को उचित आर्थिक मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा अन्य सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग रखी है। हालांकि देर शाम तक परिजन अपनी मांगों पर अड़े रहे। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।



Leave a Comment