रेल यात्रियों की मौज, आ गई IRCTC की नई वेबसाइट, अब तेज और आसानी से होगा रिजर्वेशन, Gadgets Hindi News


IRCTC की नई वेबसाइट लाइव हो गई है। यह बीटा वर्जन है। नए वर्जन में टिकट बुक करने और रिजर्वेशन करने की प्रोसेस तेज और आसान हो गई है। अब कैप्चा नहीं आएगा और टिकट बुक करने के ढेर सारे स्टेप्स को भी कम कर दिया है।

IRCTC New Website Live: IRCTC की नई बीटा वेबसाइट अब लाइव हो गई है। अब यूजर्स नई वेबसाइट का इस्तेमाल कर टिकट बुक कर सकते हैं। नए वेबसाइट का डिजाइन एकदम नया है और सिंपल और क्लीन रखा गया है। रेलवे ने नई साइट में कई ऐसी चीजों को खत्म कर दिया है, जिसकी वजह से पहले लोगों को टिकट बुक करने में परेशान होती थी। नए वर्जन में टिकट बुक करने और रिजर्वेशन करने की प्रोसेस तेज और आसान बनाने के लिए कई स्टेप्स को भी कम कर दिया है। अब यूजर के सामने कैप्चा नहीं आएगा और एक ही यूजर की डिटेल्स बार-बार नहीं भरनी पड़ेगी। चलिए डिटेल में जानते हैं लोगों को क्या-क्या फायदे मिलेंगे…

दरअसल, पिछले महीने, जयपुर के मालवीय नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (MNIT) के दौरे के दौरान, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने छात्रों से बातचीत करते हुए घोषणा की थी कि IRCTC की नई वेबसाइट 15 जुलाई तक लॉन्च कर दी जाएगी। रेल मंत्रालय के अनुसार, IRCTC की नई वेबसाइट का बीटा वर्जन यूजर्स को इसके नए लुक और अनुभव को आजमाने और इसके फीचर्स व ओवरऑल यूजर एक्सपीरियंस पर फीडबैक देने की सुविधा देगा।

2002 में लॉन्च हुई IRCTC वेबसाइट पर अभी हर दिन औसतन लगभग 14.5 लाख ट्रेन टिकट बुक होते हैं, जिससे यह देश के सबसे व्यस्त ऑनलाइन टिकटिंग प्लेटफॉर्म में से एक बन गई है।

भारतीय रेलवे ने नई IRCTC बीटा वेबसाइट लॉन्च

नेशनल ट्रांसपोर्टर ने कहा कि बीटा वर्जन से यूजर्स नई वेबसाइट के फीचर्स पर फीडबैक दे सकेंगे। इस फीडबैक से सुधार की गुंजाइश वाली जगहों की पहचान करने में मदद मिलेगी, जिन्हें भविष्य के अपडेट्स में शामिल किया जाएगा ताकि कस्टमर एक्सपीरियंस को और बेहतर बनाया जा सके।

IRCTC की नई बीटा वेबसाइट आज रात 9 बजे से उपलब्ध हो गई है। नई IRCTC वेबसाइट को इस लिंक पर जाकर देखा जा सकता है: https://www.irctc.co.in/eticket/। बीटा वर्जन का लिंक मौजूदा वेबसाइट के होमपेज पर भी दिया गया है।

रेलवे के अनुसार, IRCTC ने बीटा वर्जन में चार बड़े सुधार किए हैं:

– कैप्चा: कोई फालतू कैप्चा नहीं। कोई फालतू पॉप-अप नहीं। कोई फ्लैशिंग ग्राफिक्स नहीं। ध्यान भटकाने वाली कोई चीज नहीं।

– सीट की उपलब्धता: सभी क्लास में दिखाई देगी।

– तेजी से चेकआउट: बुकिंग के स्टेप्स की संख्या कम की गई।

– दोबारा बुकिंग आसान: यात्री की जानकारी सेव रहेगी।

रेलवे ने यह भी कहा कि नई IRCTC वेबसाइट को आने वाले पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (PRS) के साथ जोड़ा जाएगा। चूंकि पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम को भी साथ-साथ अपग्रेड किया जा रहा है, इसलिए पूरी तरह से काम करने वाला नया IRCTC पोर्टल कुछ हफ्तों में उपलब्ध हो जाएगा।

यहां देखें नए फीचर्स की लिस्ट

नया और क्लीन डिजाइन

रेलवे ने नई वेबसाइट का डिजाइन क्लीन और आसान रखा है। इसमें अब कोई ध्यान भटकाने वाली चीजें देखने को नहीं मिलेंगी। वेबसाइट पहले के मुकाबले ज्यादा साफ-सुथरी और ईजी टू यूज रखी गई है, ताकि कोई भी इसे आसानी से यूज कर सके। स्क्रीन पर अब फालतू के पॉपअप, चमकते ग्राफिक और ध्यान भटकाने वाली फालतू चीजें नहीं दिखाई देंगी। इससे यूजर सीधे अपने काम की चीजों पर ध्यान दे पाएंगे।

बार-बार कैप्चा भरने का झंझट खत्म

पहले टिकट बुक करते समय कई बार यूजर्स को कैप्चा भरना पड़ता था, जिससे बुकिंग में समय लगता था। लेकिन अब यह झंझट खत्म हो गया है। इससे खासतौर से तत्काल टिकट बुक करने वाले लोगों को राहत मिल सकती है। बार-बार कैप्चा भरने में समय बर्बाद नहीं होगा और तेजी से रिजर्वेशन किया जा सकेगा।

सेव रहेंगी डिटेल्स

अगर आप अक्सर रेल यात्रा करते रहते है, तो आपके लिए अच्छी खबर है। नई वेबसाइट में यूजर की डिटेल्स सेव रहेंगी। अगर आप बार-बार एक ही व्यक्ति के लिए टिकट बुक करते रहते हैं, तो अब आपको टिकट बुक करने में आसानी होगी। क्योंकि नई वेबसाइट में डिटेल्स सेव रहेंगी, जिन्हें दोबारा इस्तेमाल किया जा सकेगा। यानी हर बार नाम, उम्र और दूसरी जानकारी फिर से भरने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

सभी क्लास की सीट एक साथ दिखेंगी

नई वेबसाइट में सीट उपलब्धता देखने का तरीका भी बदला गया है। सबसे अच्छी बात यह है कि अब लोगों को अलग-अलग क्लास में सीट देखने के लिए बार-बार बदलने की जरूरत नहीं होगी। नई वेबसाइट में यात्री एक ही जगह पर सभी क्लास की सीट उपलब्धता देख सकेंगे। इससे सीट चुनना आसान हो जाएगा। इतना ही नहीं, IRCTC ने नई वेबसाइट में चेकआउट प्रोसेस को भी आसान बना दिया है। पहले जहां टिकट बुक करते समय कई स्क्रीन और कई स्टेप पूरे करने पड़ते थे, अब इस झंझट से भी राहत मिलेगी। दरअसल, नई वेबसाइट में इन स्टेप्स को कम किया गया है। यानी टिकट बुक करने में कम समय लगेगा और पूरी प्रक्रिया पहले से तेज होगी।



Leave a Comment