मुंगेर में खूनी खेल : बेटी के अपहरण का केस वापस न लेने पर ईंट भट्ठा गार्ड को सिर में मारी गोली, इलाके में भारी तनाव


संवाद सहयोगी, मुंगेर। मुंगेर जिले के सफियासराय थाना क्षेत्र अंतर्गत डकरा सतखजुरिया गांव में बुधवार देर रात अपराधियों ने दुस्साहस दिखाते हुए एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। राजा ईंट भट्ठा के नाइट गार्ड राकेश कुमार उर्फ सुबोध यादव (बृजनंदन यादव के पुत्र) की सिर में सटाकर गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई है।

तीन डॉक्टरों के बोर्ड से पोस्टमार्टम

गोली लगते ही सुबोध की मौके पर ही मौत हो गई, जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल व्याप्त हो गया है तथा FSL की टीम साक्ष्य जुटा रही है। गुरुवार को पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तीन चिकित्सकों के मेडिकल बोर्ड की निगरानी में वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया गया।

केस वापसी की मिली थी धमकी

मृतक के परिजनों ने गांव के ही दुखन यादव, उसके पुत्र अंकित कुमार और देवन यादव समेत आधा दर्जन लोगों पर हत्या का सीधा आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। स्वजनों का आरोप है कि मई महीने में सुबोध की नाबालिग बेटी का कथित रूप से अपहरण हुआ था, जिसमें सफियासराय थाने में नामजद केस दर्ज कराया गया था।

लापरवाह पुलिस पर फूटा गुस्सा

परिजनों ने पुलिस पर सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा कि हत्या से दो दिन पहले ही आरोपितों ने सुबोध को केस उठाने की धमकी देते हुए कहा था- “जान से हाथ धो बैठोगे।” पीड़ित परिवार का कहना है कि जान का खतरा होने की लिखित सूचना समय रहते सफियासराय पुलिस को दी गई थी, लेकिन पुलिस ने कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया जिससे यह हत्या हुई।

तीन संदिग्धों को लिया हिरासत में

सुबोध अपने छह भाइयों में चौथे नंबर पर थे और उनके पीछे पत्नी, तीन बेटियां और एक बेटा है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही एसपी सैयद इमरान मसूद, कासिम बाजार थाना प्रभारी रूबीकांत कच्छप और सफियासराय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

दोषियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ तेज कर दी है। परिजनों से लिखित आवेदन मिलने के बाद सभी नामजद आरोपितों की अविलंब गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें बनाकर लगातार छापेमारी की जा रही है।



Leave a Comment