इससे पहले लोकल ट्रेन में हुए विवाद में ही एक शख्स की जान चली गई थी। दरवाजा खुला रखने को लेकर बहस के दौरान आरोपी ने अचानक एक धारदार हथियार निकाल युवक पर हमला कर दिया। अब एक और ऐसी ही वारदात सामने आई है।
मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन से एक बार फिर दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बुधवार तड़के एक लोकल ट्रेन के अंदर सीट पर बैठने को लेकर हुए विवाद में तीन लोगों ने एक यात्री पर दरांती से जानलेवा हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी ट्रेन से कूदकर फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक घटना रात करीब 12 बजे की है। मुंबई से अंबरनाथ की तरफ जा रही एक सबअर्बन लोकल ट्रेन में सफर के दौरान दो यात्रियों के बीच सीट को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते यह बहस बेहद तेज हो गई। इसके बाद जैसे ही ट्रेन ठाकुरली रेलवे स्टेशन पर रुकी, कुछ और लोग ट्रेन में चढ़े और एक पक्ष में समर्थन में बहस करने लगे। देखते ही देखते आरोपियों ने दरांती निकाल ली और पीड़ित पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले के तुरंत बाद तीनों आरोपी ट्रेन से उतरकर भाग निकले। घायल यात्री को कल्याण रेलवे पुलिस ने कल्याण के रुक्मिणीबाई अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं पुलिस ने फरार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
मयंक की हुई थी मौत
मुंबई लोकल में इससे पहले 22 साल के मयंक लोहार की भी बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। यहां एक लोकल ट्रेन में दरवाजा खुला रखने को लेकर हुई बहस के बाद आरोपी ने मयंक की चाकू घोंपकर बेरहमी से हत्या कर दी। अधिकारियों के मुताबिक चर्चगेट से नालासोपारा जाने वाली फास्ट लोकल जब अंधेरी स्टेशन पहुंची तब फर्स्ट क्लास कंपार्टमेंट में मयंक और एक अन्य यात्री के बीच बहस शुरू हुई। दरअसल, बाहर तेज बारिश हो रही थी। एक यात्री चाहता था कि लोकल का दरवाजा खुला रहे, जबकि दूसरे ने बारिश की वजह से दरवाजा बंद करने पर आपत्ति जताई।
बहस इतनी बढ़ी कि आरोपी ने आव देखा न ताव, अपने पास छिपाकर रखा धारदार चाकू निकाला और मयंक के पेट में कई बार घोंप दिया। मयंक को चाकू मारने के बाद जैसे ही ट्रेन बोरीवली स्टेशन पहुंचने वाली थी आरोपी ट्रेन के पूरी तरह रुकने से पहले ही प्लेटफॉर्म पर कूदकर फरार हो गया। वहीं गंभीर रूप से घायल मयंक की मौत हो गई।