सुसाइड करने वाली NEET छात्रा के पिता राहुल गांधी के सामने हुए भावुक, ‘सर सदन में आवाज उठाइए’


देहरादून में ‘छात्रों की गूंज’ प्रोग्राम में लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने नीट पेपर लीक को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा. यहां उन्होंने पेपर लीक होने के बाद सुसाइड करने वाली रिया कुमारी के पिता राजेश मल्ल को स्टेज बुलाया. रिया के पिता ने स्टेज पर भावुक राहुल गांधी से कहा कि वे नीट पेपर लीक का मुद्दा संसद में उठाएं. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि पेपर लीक ने नीचे से ऊपर तक पूरे सिस्टम पर कब्जा कर लिया है.

राहुल गांधी के सामने भावुक हुए रिया के पिता

रिया के पिता ने मंच से कहा, ‘मेरी बेटी 3 मई को पेपर देकर आई और बहुत खुश थी. उसने कहा कि पेपर बहुत अच्छा गया. उसके बाद वो खाना खाकर सो गई. दो-चार दिन के बाद जब ये मैसेज आया कि पेपर लीक हो गया है तो मेरी बेटी ने मुझे मोबाइल फोन दिखाया और कहा कि पापा पेपर लीक हो गया. मुझे लगा वो झूठी खबर होगी. उसने कहा सच में पेपर लीक हुआ है. हम लोगों के साथ धोखा होता है. हमेशा पेपर लीक हो जाता है. हम लोग मेहनत करते हैं, लेकिन नतीजा कभी भी हमारे फेवर में नहीं आता.’

‘पेपर लीक की वजह से परेशान थी मेरी बेटी’

उन्होंने बताया, ‘पेपर लीक की वजह से मेरी बेटी परेशान हो गई. NTA जो ये पेपर कराती है उससे वो बहुत गुस्सा थी. मेरी बेटी ने कहा पापा हम जाते हैं पेपर देने तो हमारे लिए इतनी पाबंदियां हैं कि हम हाथ में धागा पहनकर नहीं जा सकते, लेकिन ये बस ऊपर से ही पेपर लीक कर देते हैं. ऐसा क्यों होता है तो मैंने बोला ये सिस्टम खराब है, हम इसे नहीं बदल सकते. मेरी बेटी 10 घंटे पढ़ती थी. वो बोली इतनी तैयारी करके मैंने एग्जाम दिया अब दोबारा कैसे होगा. मैंने उससे कहा कि बेटा ज्यादा टेंशन न ले, लेकिन वो एनटीए से काफी नाराज थी.’

रिया के पिता राजेश मल्ल अपनी बात कहते-कहते भावुक हो गए और रो पड़े. उन्होंने राहुल गांधी से अनुरोध किया कि आप शिक्षा व्यवस्था को सरल बनाइए उन्होंने कहा, ‘जो मेरी बेटी के साथ हुआ, वो किसी और बेटी के साथ न हो. राहुल जी, आप संसद में हमारी आवाज उठाइए.’





Leave a Comment