Garry Sobers Death: गैरी सोबर्स के निधन से शोक में वर्ल्ड क्रिकेट, वैभव सूर्यवंशी से लेकर जय शाह तक… किसने क्या लिखा?


होमखेलक्रिकेट

सोबर्स के निधन से शोक में वर्ल्ड क्रिकेट, वैभव, जय शाह… किसने क्या लिखा?

Last Updated:

Cricketers Reaction on Garry Sobers Death: गैरी सोबर्स ने 1954 में इंग्लैंड के खिलाफ किंग्सटन में टेस्ट मैच से अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज किया था. वे बाएं हाथ के बल्लेबाज और बाएं हाथ के ऑर्थोडॉक्स और कलाई के स्पिन गेंदबाज थे. 1954 से लेकर 1974 तक वे वेस्टइंडीज क्रिकेट के सबसे बड़े और भरोसेमंद खिलाड़ी रहे. इस दौरान 93 टेस्ट मैचों की 160 पारियों में 26 शतक और 30 अर्धशतक लगाते हुए उन्होंने 8,032 रन बनाए थे. इसके अलावा 235 विकेट भी सोबर्स ने लिए थे.

सोबर्स के निधन से शोक में वर्ल्ड क्रिकेट, वैभव, जय शाह... किसने क्या लिखा?Zoom

गैरी सोबर्स के निधन पर क्रिकेटर्स का रिएक्शन.

नई दिल्ली. वेस्टइंडीज के महान क्रिकेटर सर गारफील्ड सोबर्स के निधन के साथ क्रिकेट जगत शोक में डूब गया और दुनिया भर के मौजूदा और पूर्व क्रिकेटरों ने उन्हें श्रृद्धांजलि दी है. सर गैरी सोबर्स का 89 वर्ष की उम्र में बारबाडोस में शुक्रवार को निधन हो गया. उनके निधन पर क्रिकेट जगत ने सोशल मीडिया पर शोक जताया है. आईसीसी, बीसीसीआई के अलावा युवा क्रिकेटर्स से लेकर दिग्गज क्रिकेटर्स ने सोशल पोस्ट करके उन्हें श्रद्धांजलि दी. आइए जानते हैं किसने क्या लिखा.

आईसीसी ने लिखा, ‘महानतम क्रिकेटरों में से एक, सर गारफील्ड सोबर्स का निधन. उनके परिवार, दोस्तों और वेस्टइंडीज क्रिकेट के प्रति हमारी संवेदना. आईसीसी ‘हाल आफ फेमर’ को विदाई.’ पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली लिखते हैं, ‘क्रिकेट जगत की अपूरणीय क्षति. उस पीढी में उनका कौशल देखकर कई क्रिकेटर अपनी प्रतिभा का आकलन करते थे. नायाब खिलाड़ियों में से एक. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे.’

शास्त्री-वेंगसरकर ने जताया शोक
रवि शास्त्री ने सोबर्स को उनके जीवन का सबसे महान क्रिकेटर बताया. उन्होंने लिखा, ‘मेरे जीवन के सबसे महान क्रिकेटर. बस उस दौर और योगदान को देख रहा हूं जिसका कोई सानी नहीं है. मेरे हीरो. ईश्वर आपकी आत्मा को शांति दे सर गैरी.’

भारतीय दिग्गज दिलीप वेंगसरकर ने पीटीआई से कहा, ‘मैने उन्हें कभी खेलते नहीं देखा, लेकिन उनके बारे में कई कहानियां सुनी हैं. उनकी बल्लेबाजी की क्लिप्स देखी हैं और 1971 में उनकी बल्लेबाजी पर रिकॉर्ड की गई फिल्म देखी है. उनके टेस्ट रिकॉर्ड अद्भुत हैं. महानतम ऑलराउंडर. क्रिकेट जगत के लिये यह दुखद दिन है.

हरभजन सिंह ने भी शोक जताते हुए लिखा, ‘क्रिकेट जगत ने अपने नायाब नगीनों में से एक को खो दिया. सर गैरी सोबर्स एक लीजैंड से कहीं अधिक थे. वह महानता की परिभाषा थे जिन्होंने असाधारण कौशल और विनम्रता से कई पीढियों को प्रभावित किया. आप दुनिया भर के क्रिकेटप्रेमियों के दिलों में हमेशा अमर रहेंगे. आपको कभी भुलाया नहीं जा सकेगा.’

‘कभी खेलते नहीं देखा लेकिन…’
15 वर्षीय भारतीय क्रिकेट के युवा सनसनी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, ‘कभी सर गैरी सोबर्स को खेलते नहीं देखा लेकिन उनकी महानता के किस्से अपने पिता से सुनकर बड़ा हुआ हूं. हर पीढी के महानायक. ओम शांति.’ भारत के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने कहा, ‘हम यह सुनकर बड़े हुए कि सर गारफील्ड सोबर्स मैदान पर क्या कर सकते थे. जीनियस, प्रेरणास्रोत और खेल के असल लीजैंड. क्रिकेट समुदाय ने अपने सबसे बड़े नगीनों में से एक खो दिया.’

आईसीसी के चेयरमैन जय शाह भी सोबर्स के निधन से आहत हैं. उन्होंने कहा, ‘सर गारफील्ड ‘गैरी’ सोबर्स के निधन से दुखी हूं. विश्व क्रिकेट की कद्दावर हस्ती और खेल के लीजैंड. उनकी अतुल्य उपलब्धियां और खेल को अपार योगदान ने क्रिकेटरों की कई पीढियों को प्रेरित किया. उनके परिवार, बारबाडोस के लोगों और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट समुदाय को मेरी संवेदनायें. आईसीसी ने उनके योगदान को देखते हुए बरसो पहले वर्ष के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर का पुरस्कार उनके नाम पर रखा. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे.’

About the Author

authorimg

Shivam Upadhyay

शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें



Leave a Comment