मेरा सपना सिर्फ भारत के लिए खेलना नहीं, बल्कि टीम को मैच जिताना है : निकी प्रसाद


नितिन नागर, जागरण नई दिल्ली। भारतीय ऑलराउंडर निकी प्रसाद का मानना है कि लार्ड्स पर भारतीय टीम की ऐतिहासिक जीत बड़ी उपलब्धि है और इससे युवाओं को प्रेरणा मिलेगी। मेरा सपना भी भारत के लिए लार्ड्स में टेस्ट मैच खेलना है। निकी ने कहा कि वह बल्ले, गेंद और फील्डिंग तीनों विभाग में भारतीय टीम के लिए योगदान देना चाहती हैं। निकी WPL में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलती हैं। पेश हैं निकी से विशेष बातचीत के प्रमुख अंश :-

लार्ड्स में भारतीय महिला टीम की ऐतिहासिक टेस्ट जीत को आप एक युवा क्रिकेटर के तौर पर किस नजरिए से देखती हैं?

यह जीत हम सभी के लिए बेहद प्रेरणादायक है। हम सभी का लक्ष्य दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों से मुकाबला करना और आईसीसी टूर्नामेंट जीतना है। लार्ड्स जैसे ऐतिहासिक मैदान पर भारतीय महिला टीम की पहली टेस्ट जीत भारतीय महिला क्रिकेट के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। इससे यह भरोसा और मजबूत हुआ है कि हम किसी भी स्तर पर जीत हासिल कर सकते हैं।

क्या इस जीत से युवा खिलाड़ियों के लिए नए अवसर खुल रहे हैं?

बिल्कुल। भारतीय टीम के खिलाड़ियों का नाम लार्ड्स के आनर्स बोर्ड पर दर्ज होना हम जैसे खिलाड़ियों के लिए बहुत प्रेरणादायक है। मेरा भी सपना है कि एक दिन मैं भारत के लिए लार्ड्स में टेस्ट खेलूं और देश के लिए ऐसा ही इतिहास रचूं।

आप काफी समय से भारत ए टीम का हिस्सा हैं। इस अनुभव ने आपको कितना तैयार किया है?

भारत ए वह स्तर है, जहां आप अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के बेहद करीब पहुंच जाते हैं। इंग्लैंड में इंग्लैंड ए के विरुद्ध खेलना शानदार अनुभव रहा। अलग परिस्थितियों और विकेटों पर खेलने से काफी सीख मिली। इससे जब भी मुझे भारतीय टीम में मौका मिलेगा, परिस्थितियां मेरे लिए नई नहीं होंगी।

खबरें और भी

पिछले एक साल में आपने अपने खेल के किस पहलू पर सबसे ज्यादा काम किया है?

पहले मेरा ज्यादा ध्यान पावर हिटिंग पर था, लेकिन अब मैंने परिस्थितियों के अनुसार बल्लेबाजी करना सीखा है। अलग-अलग विकेटों पर खुद को ढालना, सही समय पर सही शाट खेलना और गेंदबाजी में भी लगातार सुधार करना मेरी प्राथमिकता रही है।

महिला प्रीमियर लीग (WPL) ने आपके करियर को किस तरह आगे बढ़ाया?

WPL भारतीय क्रिकेट के लिए बेहतरीन पहल है। इससे युवा खिलाड़ियों को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के साथ खेलने और सीखने का मौका मिला है। इससे सिर्फ भारतीय टीम ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों का स्तर भी लगातार बेहतर हो रहा है।

दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हुए दुनिया के बेहतरीन खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने का सबसे बड़ा फायदा क्या मिला?

सबसे बड़ी सीख अनुशासन रही है। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अपनी तैयारी, फिटनेस और मैच रूटीन को लेकर बेहद पेशेवर होते हैं। मैदान पर परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालने की उनकी क्षमता से मैंने बहुत कुछ सीखा है।

जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स के सहयोग ने आपके करियर में क्या भूमिका निभाई है?

मैं जेएसडब्ल्यू परिवार का हिस्सा बनकर खुद को भाग्यशाली मानती हूं। उन्होंने मेरी क्रिकेट यात्रा के हर पहलू का ध्यान रखा है। इससे मुझे दूसरी चीजों की चिंता नहीं करनी पड़ती और मैं पूरी तरह अपने खेल पर ध्यान दे पाती हूं। ऐसा सहयोग किसी भी खिलाड़ी का आत्मविश्वास बढ़ाता है।

अगले 12 महीनों के लिए आपका सबसे बड़ा लक्ष्य क्या है?

मेरा सपना सिर्फ भारतीय टीम में जगह बनाना नहीं, बल्कि भारत के लिए मैच जिताना है। आने वाले भारत ए दौरे और घरेलू क्रिकेट में मैं लगातार रन बनाना, विकेट लेना और हर विभाग में टीम के लिए योगदान देना चाहती हूं।

अगले पांच वर्षों में आप भारतीय महिला क्रिकेट को कहां देखती हैं?

लगातार बढ़ते घरेलू टूर्नामेंट, भारत ए सीरीज, अंडर-19 प्रतियोगिताएं और हर साल होने वाली डब्ल्यूपीएल भारतीय महिला क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी। मुझे विश्वास है कि आने वाले वर्षों में भारत कई बड़ी अंतरराष्ट्रीय सीरीज और विश्व कप अपने नाम करेगा।

अगर आपको कल भारतीय टीम की कैप मिल जाए, तो आप कैसी खिलाड़ी के रूप में याद किया जाना चाहेंगी?

मैं ऐसी ऑलराउंडर बनना चाहती हूं जिस पर टीम हर परिस्थिति में भरोसा कर सके। बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग तीनों विभागों में मैच जिताने वाला योगदान देना चाहती हूं। मेरा लक्ष्य भारत के लिए यादगार जीत दिलाना और मैदान पर ऐसे प्रदर्शन करना है, जिन्हें लंबे समय तक याद रखा जाए।

यह भी पढ़ें- GG W vs DC W: एक तो हार, ऊपर से 12 लाख रुपये का जुर्माना… Jemimah Rodrigues पर क्यों लगा फाइन?



Leave a Comment