Nalanda News 4-year-old Child Strangled To Death In Nalanda; Uncle Accused. – Bihar News


नालंदा जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र के मुजाहिदपुर गांव में चार साल के मासूम बच्चे की कथित गला दबाकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान गांव निवासी नीतिलाल केवट के चार वर्षीय पुत्र आयुष कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घर में घुसकर हत्या करने का आरोप

मृतक बच्चे की मां रानी देवी ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे वह घर में थीं। इसी दौरान आरोपित घर में घुस आया। आरोप है कि उसने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और मासूम आयुष का गला दबा दिया। घटना की चश्मदीद छह वर्षीय बहन ऋषिका ने मां को चिल्लाकर बताया कि चाचा आयुष को अंदर ले गए हैं और उसका मुंह बंद कर दिया है।

बहन की आवाज सुनकर पहुंची मां

बच्ची की आवाज सुनकर जब मां मौके पर पहुंचीं तो आरोपित ने दरवाजा खोलकर उन्हें धमकी दी और वहां से फरार हो गया। परिजन गंभीर हालत में बच्चे को पहले एकंगरसराय और फिर पावापुरी मेडिकल कॉलेज ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुराना विवाद नहीं, फिर भी हत्या का आरोप

रानी देवी ने बताया कि आरोपित के साथ उनका कोई पुराना विवाद नहीं था। उनके अनुसार, आरोपित का अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था और उसकी पत्नी करीब एक सप्ताह पहले उसे छोड़कर चली गई थी। मां का आरोप है कि आरोपित के घर की अन्य महिलाओं ने उसे उकसाया, जिसके बाद उसने इस वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना के समय उनका किसी से कोई आपसी विवाद नहीं चल रहा था।

वारदात के लिए गांव आने का आरोप

परिजनों के अनुसार, आरोपित गया में रहकर मछली बेचने का काम करता था और घटना को अंजाम देने के लिए गांव आया था। वहीं, आयुष के पिता लुधियाना में मजदूरी करते हैं। बेटे की मौत की सूचना मिलने के बाद वे गांव लौट रहे हैं। आयुष दो भाई और दो बहनों में दूसरे नंबर का था।

आरोपी की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही इस्लामपुर थानाध्यक्ष रणविजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल भेज दिया है।

यह भी पढ़ें: नेपाल की बारिश से उत्तर बिहार में बाढ़ का कहर! बागमती के बहाव में 50 फीट सड़क बही, गांव का संपर्क टूटा

थानाध्यक्ष रणविजय कुमार ने बताया कि महिला ने अपने जेठ पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।



Leave a Comment