इंग्लैंड को अभी तक नहीं मिला नया हेड कोच, अब ऑस्ट्रेलिया के पूर्व खिलाड़ी को मिल सकती है टेस्ट टीम की बागडोर! – england new test coach soon australia justin langer strong contender andy flower out of race


लगातार खराब प्रदर्शन के बाद ब्रेंडन मैकुलम के हटने से इंग्लैंड के टेस्ट हेड कोच का पद खाली हो गया है। बैजबॉल युग के खत्म होने के बाद इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड नए रणनीतिकार की तलाश में है, जिसमें ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कोच जस्टिन लैंगर, सीएसके के पूर्व कोच स्टीफन फ्लेमिंग, जोनाथन ट्रॉट और एंड्रयू फ्लिंटॉफ जैसे बड़े दिग्गज दावेदारों की सूची में सबसे आगे चल रहे हैं।

justin langer
जस्टिन लैंगर(फोटोGetty Images)
नई दिल्ली: इंग्लैंड क्रिकेट टीम के हेड कोच के पद से ब्रेंडन मैकुलम की छुट्टी होने के बाद विश्व क्रिकेट का सबसे बड़ा और सबसे चर्चित कोचिंग पद खाली हो गया है। मैकुलम के कार्यकाल में इंग्लिश टीम को लगातार खराब नतीजों का सामना करना पड़ा, जिसमें ऑस्ट्रेलिया में 4-1 से एशेज हारना और उसके बाद खेले गए 12 टेस्ट मैचों में से 8 में शिकस्त मिलना शामिल है। इस बेहद खराब दौर के साथ ही इंग्लैंड क्रिकेट के बैजबॉल युग का एक बेहद दुखद और निराशाजनक अंत हो गया। अब इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड नए रेड-बॉल कोच की तलाश में पूरी ताकत से जुट गया है। इस रेस में सबसे आगे ऑस्ट्रेलिया पूर्व खिलाड़ी और कोच जस्टिन लैंगर का नाम सबसे आगे चल रहा है।

ऑस्ट्रेलियाई कोच के हाथ में जा सकती है इंग्लैंड की बागडोर

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज और धाकड़ कोच जस्टिन लैंगर इस रेस में सबसे बड़ा और हाई-प्रोफाइल नाम हैं। साल 2018 से 2022 के बीच ऑस्ट्रेलियाई टीम को कोचिंग देते हुए उन्होंने 15 टेस्ट मैचों में जीत हासिल की थी और 2019 में इंग्लैंड की धरती पर एशेज सीरीज रिटेन करने का कारनामा किया था। लैंगर वर्तमान में आईपीएल फ्रेंचाइजी लखनऊ सुपर जायंट्स के मुख्य कोच हैं और मिडिलसेक्स व समरसेट के लिए काउंटी क्रिकेट खेलने के अनुभव के कारण वे इंग्लैंड के घरेलू क्रिकेट ढांचे को भी बहुत बारीकी से समझते हैं। हालांकि अभी उनका नाम सिर्फ रेस में बना हुआ है। इंग्लैंड क्रिकेट और भी दिग्गजों के नाम पर विचार कर रहा है।

इन नामों की भी है चर्चा, पर एंडी फ्लावर रेस से बाहर

इंग्लैंड क्रिकेट जस्टिन लैंगर के अलावा एंड्रयू फ्लिंटॉफ, स्टीफन फ्लेमिंग और जोनाथन ट्रॉट के बारे में भी सोच रहा है। इन चार बड़े चेहरों के अलावा सरे को लगातार तीन काउंटी चैंपियनशिप खिताब दिलाने वाले घरेलू कोच गैरेथ बैटी भी रेस का हिस्सा हैं। वहीं, मिकी आर्थर और डैरेन लेहमन जैसे बेहद अनुभवी अंतरराष्ट्रीय कोचों के नामों पर भी विचार चल रहा है। इन में से जो भी इंग्लैंड का नया टेस्ट हेड कोच बनाता है उसके लिए चीजें आसान नहीं होगी।

इस रेस से एक बड़ा नाम पूरी तरह बाहर हो चुका है और वो हैं इंग्लैंड के पूर्व सफल कोच एंडी फ्लावर। फ्लावर ने ईसीबी और रॉब की से बात करने के बाद खुद ही इस रेस से अपना नाम वापस ले लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और लंदन स्पिरिट के साथ अपनी मौजूदा कोचिंग भूमिकाओं में बेहद खुश हैं और फिलहाल इंग्लैंड टीम में लौटने का उनका कोई इरादा नहीं है। अब देखना यह होगा कि इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड बैजबॉल के अंत के बाद इंग्लिश टेस्ट क्रिकेट को दोबारा पटरी पर लाने के लिए किस मास्टरमाइंड पर भरोसा जताता है।

ऋषिकेश कुमार सिंह

लेखक के बारे मेंऋषिकेश कुमार सिंहऋषिकेश कुमार सिंह (डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर)

ऋषिकेश कुमार सिंह वर्तमान में नवभारत टाइम्स (NBT) डिजिटल में डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने साल 2022 में ‘इंडिया टीवी’ से अपने करियर की शुरुआत की और बहुत कम समय में अपनी सटीक रिपोर्टिंग और विश्लेषणात्मक लेखन से पहचान बनाई। वे अप्रैल 2025 में टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप के नवभारत टाइम्स, डिजिटल विंग से जुड़े। पत्रकारिता में ऑनलाइन न्यूज डेस्क पर उन्हें काम करने का 3.5 साल का अनुभव है।

विशेषज्ञता: ऋषिकेश कुमार सिंह खास तौर पर खेल की खबर, ब्रेकिंग न्यूज, रियल टाइम खबरें, एक्सप्लेनर और रिसर्च आधारित खबरें करते हैं। इसके अलावा वह क्रिकेट, WWE, हॉकी और टेनिस जैसे खेलों की गहरी समझ रखते हैं। कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वह वीडियो एंकरिंग, ग्राफिक डिजाइनिंग और वीडियो एडिटिंग में निपुण।

शिक्षा: मूल रूप से झारखंड के बोकारो के रहने वाले ऋषिकेश कुमार सिंह ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से बैचेलर इन मीडिया में स्नातक किया। उन्होंने साल 2022 में अपनी स्नातक डिग्री पूरी की थी।और पढ़ें