Video:हनुमान मंदिर में रामायण पाठ कर रहे भक्तों को डंपर ने कुचला, तीन की मौके पर मौत; कई घायल, गांव में तनाव – Dumper Truck Ran Over Devotees Reciting Ramayana Three Dead In Amroha


यूपी के अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के कोठी खिदमतपुर के पास स्थित हनुमान मंदिर परिसर में चल रहे रामायण पाठ के दौरान मंगलवार शाम भीषण हादसा हो गया। बजरी से भरा अनियंत्रित डंपर श्रद्धालुओं की भीड़ में घुस गया और लोगों को कुचलते हुए मंदिर से टकरा गया। इस भीषण हादसे में एक मासूम समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। आक्रोशित परिजनों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगाकर हंगामा किया। मौके पर पहुंची डीएम और एसपी ने लोगों को समझाकर शांत किया। 




dumper truck ran over devotees reciting Ramayana three dead In Amroha

मौके पर पुलिस बल
– फोटो : अमर उजाला


20 से अधिक श्रद्धालु कर रहे थे पाठ

मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे मंदिर परिसर में रामायण पाठ चल रहा था। आसपास के गांवों नारायनपुर, छावी, चाऊपुरा और कोठी खिदमतपुर से 20 से अधिक श्रद्धालु पंडाल में बैठकर भक्ति में लीन थे। इसी दौरान तेज रफ्तार में आ रहा बजरी से भरा डंपर अचानक अनियंत्रित हो गया और सीधे श्रद्धालुओं की भीड़ में घुस गया। डंपर ने एक के बाद एक कई लोगों को कुचल दिया, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई। 


dumper truck ran over devotees reciting Ramayana three dead In Amroha

मौके पर पुलिस बल
– फोटो : अमर उजाला


इन तीन की गई जान

हादसे में छावी गांव निवासी परम सिंह (70), नारायणपुर निवासी महिपाल (42) और रजबपुर थानाक्षेत्र के शहबाजपुर पट्टी निवासी आर्यवीर (5) की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि मासूम आर्यवीर अपने ननिहाल छावी गांव आया हुआ था और वहीं रामायण पाठ में शामिल होने गया था। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया। गंभीर रूप से घायल लोगों का उपचार जारी है। 


dumper truck ran over devotees reciting Ramayana three dead In Amroha

सड़क पर आक्रोशित ग्रामीण
– फोटो : अमर उजाला


ग्रामीणों में आक्रोश

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और ग्रामीणों ने आक्रोशित होकर हंगामा शुरू कर दिया। लोगों ने महिपाल के शव को सड़क पर रखकर अमरोहा-कांठ रोड जाम कर दिया। गुस्साए लोगों ने मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता और आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। इस दौरान माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया। 


dumper truck ran over devotees reciting Ramayana three dead In Amroha

लोगों से बात करती पुलिस
– फोटो : अमर उजाला


पुलिस ने शांत कराया माहौल

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल के साथ नौगावां सादात सीओ अवधभान भदोरिया, सीओ सिटी अभिषेक यादव भी मौके पर पहुंचे और फोर्स के साथ हालात संभाले। बाद में डीएम, एसपी लखन सिंह और एसडीएम सदर सुनीत भी मौके पर पहुंचीं और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। करीब रात 8:30 बजे तक मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। एसपी लखन सिंह यादव ने बताया कि डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Leave a Comment