Karnataka Cm Live:सिद्धारमैया-शिवकुमार की दिल्ली में हाईकमान के साथ बैठक आज, बनाए जा सकते है चार डिप्टी सीएम – Karnataka New Cm News Live Updates Siddaramaiah Dk Shivakumar Meeting With Rahul And Kharge In Hindi


09:40 AM, 29-May-2026

सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार की सोनिया-राहुल गांधी से मुलाकात

मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के एक दिन बाद ही सिद्धारमैया नई दिल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से महत्वपूर्ण मुलाकात की। शुक्रवार को सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं राहुल गांधी और सोनिया गांधी से 10 जनपथ स्थित आवास पर मिले। इस अहम बैठक में कर्नाटक कांग्रेस प्रभारी रणदीप सुरजेवाला भी मौजूद रहे। 

09:31 AM, 29-May-2026

दिल्ली में हाई लेवल मीटिंग, बड़े फैसलों की तैयारी

दिल्ली में पार्टी आलाकमान के साथ बैठक में केवल मुख्यमंत्री पद ही नहीं बल्कि पूरी सरकार की संरचना पर भी चर्चा होगी। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, डीके शिवकुमार और AICC कर्नाटक प्रभारी रणदीप सुरजेवाला इस बैठक में शामिल हो सकते हैं। बैठक में राज्यसभा उम्मीदवारों, विधान परिषद (MLC) चुनावों और नए मंत्रिमंडल के गठन को लेकर महत्वपूर्ण फैसले लिए जाने की संभावना है। माना जा रहा है कि यह बैठक कर्नाटक की नई सरकार की रूपरेखा तय करने में निर्णायक साबित होगी।

09:28 AM, 29-May-2026

सिद्धारमैया के बेटे को मिल सकता है बड़ा मंत्रालय

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, सिद्धारमैया के बेटे यतिंद्रा को भी नई सरकार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जा सकती है। वे पहले से ही विधान परिषद (MLC) सदस्य हैं और उन्हें एक प्रभावशाली मंत्रालय दिए जाने की संभावना जताई जा रही है। इसे कांग्रेस की ओर से सिद्धारमैया की राजनीतिक विरासत को बनाए रखने और संतुलन साधने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।

09:20 AM, 29-May-2026

4 डिप्टी सीएम और जातीय संतुलन पर फोकस

सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस आलाकमान कर्नाटक सरकार में सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन बनाए रखने के लिए चार उपमुख्यमंत्री नियुक्त करने पर विचार कर रहा है। इसका उद्देश्य राज्य के विभिन्न वर्गों और क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व देना बताया जा रहा है। इसके अलावा, यह भी चर्चा है कि सिद्धारमैया कैबिनेट के कई मौजूदा मंत्रियों को नई सरकार में जगह नहीं मिल सकती है। पार्टी नए चेहरों को मौका देने और संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है।

09:02 AM, 29-May-2026

Karnataka CM LIVE: सिद्धारमैया-शिवकुमार की दिल्ली में हाईकमान के साथ बैठक आज, बनाए जा सकते है चार डिप्टी सीएम

कर्नाटक की राजनीति में सत्ता परिवर्तन की तस्वीर अब लगभग साफ होती दिख रही है। मुख्यमंत्री पद से सिद्धारमैया के इस्तीफे के बाद कांग्रेस में नए नेतृत्व और मंत्रिमंडल के गठन को लेकर तेज हलचल शुरू हो गई है। इसी बीच अब संकेत मिल रहे हैं कि राज्य में चार उपमुख्यमंत्री बनाए जा सकते हैं, जबकि डीके शिवकुमार के मुख्यमंत्री पद संभालने की संभावना सबसे प्रबल मानी जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार आज दिल्ली में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से अहम मुलाकात करेंगे। वे पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और वरिष्ठ नेता राहुल गांधी से राज्य के मंत्रिमंडल विस्तार और नई सरकार के स्वरूप को लेकर विस्तृत चर्चा करेंगे।


Leave a Comment