Amroha News: अमरोहा में रुक्मणी क्रिकेट अकादमी और थ्रीएच क्रिकेट अकादमी के बीच खेले गए मैच में थ्रीएच ने चार विकेट से जीत हासिल की। रुक्मणी ने 101 रन बनाए, जबकि थ्रीएच ने 105 रन बनाकर मैच जीत लिया। कप्तान हम्जा ने अहम भूमिका निभाई और 36 रन बनाकर टीम को सफल बनाया।

Amroha News: अमरोहा। रुक्मणी क्रिकेट अकादमी के मैदान में खेले गए मैच में थ्रीएच क्रिकेट अकादमी ने रुक्मणी क्रिकेट अकादमी को चार विकेट से शिकस्त दी। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी रुक्मणी क्रिकेट अकादमी की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज सुभान शून्य पर पवेलियन लौट गए। जबकि, नितीश पासी केवल चार रन बनाकर विकेट गंवा बैठे। कप्तान एवं विकेटकीपर सूफियान ने पारी को संभाला और टिककर खेलते हुए 69 गेंदों में सर्वाधिक 25 रन बनाए। ज्योतिका ने 10 रन का योगदान दिया, लेकिन इन दोनों के अलावा अन्य कोई भी बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सका। नतीजतन पूरी टीम 32.1 ओवर में 101 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
थ्रीएच क्रिकेट अकादमी की ओर से मोहम्मद हुसैन ने सबसे प्रभावशाली गेंदबाजी की। उन्होंने 4.1 ओवर में मात्र 13 रन देकर तीन विकेट चटकाए। सूर्यांश सिंह ने भी किफायती गेंदबाजी करते हुए पांच ओवर में केवल नौ रन देकर दो बल्लेबाजों को आउट किया।सतयम, मयंक कुमार और निशांत यादव को एक-एक विकेट मिला। 102 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी थ्रीएच क्रिकेट अकादमी की शुरुआत भी खराब रही। यशंक नागर दो और अथर छह रन बनाकर आउट हो गए। रुक्मणी क्रिकेट अकादमी के गेंदबाज अमार ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए पांच ओवर में 16 रन देकर तीन विकेट झटके और मुकाबले में रोमांच पैदा कर दिया। एक समय थ्रीएच एकेडमी का स्कोर 81 रन पर पांच विकेट था। दबाव में कप्तान हम्जा ने अपनी जिम्मेदारी निभाई। आक्रामक और संयमित बल्लेबाजी करते हुए केवल 29 गेंदों में छह चौकों की मदद से नाबाद 36 रन बनाकर टीम को जीत की दहलीज लाकर खड़ा कर दिया। उनके साथ सत्यम एक रन बनाकर नाबाद लौटे। थ्रीएच क्रिकेट अकादमी ने 21.4 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 105 रन बनाकर मैच जीत लिया। रुक्मणी क्रिकेट की हार कारण गेंदबाजों द्वारा दिए गए 42 अतिरिक्त रन रहे, जिनमें 37 वाइड गेंदें शामिल थीं।
