Amroha News: नौकरी लगवाने के नाम पर पांच लाख रुपये ठगे, रकम वापस मांगने पर दी धमकी, Amroha Hindi News


Amroha News: डिडौली क्षेत्र के गांव शाहपुर निवासी मनोज कुमार ने एक व्यक्ति पर सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर पांच लाख रुपये ठगने और रकम वापस मांगने पर जातिसूचक शब्दों से अपमानित कर धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने एसपी को शिकायती पत्र देते हुए रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है। शाहपुर निवासी मनोज कुमार का आरोप है कि करीब दो वर्ष पूर्व 10 अक्तूबर 2024 को वीरेंद्र सिंह चौहान निवासी मझौली गुर्जर, थाना नूरपुर, जिला बिजनौर ने सरकारी विभाग में नौकरी लगवाने का झांसा देकर उससे पांच लाख रुपये लिए थे। आरोपी ने नौकरी लगवाने के लिए कुल 10 लाख रुपये देने की बात कही थी।

पीड़ित के अनुसार उसने आरोपी के घर जाकर पांच लाख रुपये दे दिए। आरोप है कि रकम लेने के बाद भी आरोपी ने न तो नौकरी लगवाई और न ही रुपये वापस किए। पीड़ित ने कई बार रकम वापस मांगी, लेकिन आरोपी टालता रहा। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी पूर्व में भी कई लोगों से नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी कर चुका है और नौकरी के नाम पर ठगी के एक मामले में जेल भी जा चुका है। पीड़ित के अनुसार 27 जुलाई 2026 को आरोपी ने फोन कर बाकी पांच लाख रुपये देने की मांग की और कहा कि इसके बाद वह नौकरी लगवा देगा। रकम देने से मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए धमकी दी। पीड़ित ने एसपी से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने और पांच लाख रुपये वापस दिलाने की मांग की है।



Leave a Comment