.
आज की सबसे बड़ी खबर पटना से है। भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि भरत तिवारी के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाएगी। वहीं, रियलिटी टीवी शो भोजपुरी बवाल की रिलीज के बाद से पावर स्टार पवन सिंह और एक्ट्रेस काजल राघवानी की पर्सनल लाइफ सुर्खियों में है। वैशाली में मॉर्निंग वॉक के दौरान ठेकेदार की 4 गोली मारकर हत्या कर दी गई है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, बिहार दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. भरत एनकाउंटर, परिवार को मिलेगी सरकारी नौकरी
भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि भरत तिवारी के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाएगी। साथ ही परिवार को आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी। दरअसल, इस मामले की जांच कर रही न्यायिक जांच आयोग की टीम ने अपनी रिपोर्ट बिहार सरकार को सौंप दी है। इसके बाद बिहार सरकार की ओर से यह घोषणा की गई। हालांकि, भरत तिवारी के छोटे भाई चंदन तिवारी ने सरकार की इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया है। पूरी खबर पढ़ें

2. CM की BJP मंत्रियों के साथ मीटिंग, RJD बोली-खेला होगा
बिहार में एक बार से विपक्ष ने इस चर्चे को हवा दी है कि बीजेपी-जदयू के बीच सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। दरअसल इस चर्चे की शुरुआत के पीछे एक वजह भी है। बुधवार को सीएम सम्राट चौधरी ने कैबिनेट की मीटिंग की। मीटिंग के बाद जदयू कोटे के मंत्री निकल गए। बताया जाता है कि कैबिनेट मीटिंग खत्म होने के बाद बीजेपी कोटे के मंत्रियों को सीएम आवास बुलाया गया। यहां बीजेपी कोटे के मंत्रियों के साथ सीएम की बैठक हुई। बैठक समाप्त होने के बाद कई मंत्री सीएम आवास के पीछे के गेट से निकल गए। पूरी खबर पढ़ें
3. ‘पवन सिंह को जल्द प्यार करने वाली दूसरी पत्नी मिलेगी’
रियलिटी टीवी शो भोजपुरी बवाल की रिलीज के बाद से पावर स्टार पवन सिंह और एक्ट्रेस काजल राघवानी की पर्सनल लाइफ सुर्खियों में है। एक तरफ जहां आम्रपाली और काजल राघवानी के बीच जुबानी जंग चल रहा है तो दूसरी तरफ पवन सिंह की पर्सनल लाइफ में क्या उतार-चढ़ाव आए थे, इस शो के जरिए पवन सिंह खुद लोगों को बता रहे हैं। तेजप्रताप यादव भी उन बातों को शेयर कर रहे हैं, जिसे उन्होंने खुले मंच पर कभी शेयर नहीं किया था। पूरी खबर पढ़ें
4. मॉर्निंग वॉक पर निकले ठेकेदार की हत्या
वैशाली में गुरुवार को मॉर्निंग वॉक के दौरान ठेकेदार की 4 गोली मारकर हत्या कर दी गई है। ठेकेदार की पहचान रामनरेश राय के तौर पर हुई है। हत्या का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। जिसमें रामनरेश राय सड़क पर टहलते दिख रहे हैं। इसी दौरान 2 बाइक से 4 अपराधी आते हैं, उनके सामने बाइक रोकते हैं। अपराधियों को देख रामनरेश राय बचने के लिए कच्चे रास्ते से भागते हैं। तभी 2 अपराधी उनके पीछे भागते हैं और करीब से गोली मारकर वापस आ जाते हैं। घटना हाजीपुर सदर थाना क्षेत्र स्थित दिग्घी गांव की है। पूरी खबर पढ़ें

5. चॉकलेट का लालच देकर बच्चे को 3 लाख में बेचा मुंगेर में 3 साल के बच्चे का अपहरण कर 3 लाख में बेचने का मामला सामने आया है। किडनैपिंग का सीसीटीवी भी सामने आया है। जिसमें एक 13 साल की बच्ची चॉकलेट का लालच देकर मासूम को बुलाती दिखी। जिसके बाद बच्चा उसके पीछे भागता है, फिर सड़क पर एक सफेद कार आती है, उसके बाद बच्चा गायब हो जाता है। मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और 4 घंटे के अंदर बच्चे को भोजपुर से सकुशल बरामद कर लिया है। पूरी खबर पढ़ें
6. बेटा हुआ, हॉस्पिटल ने बेटी थमाई, लाइसेंस रद्द
बिहार शरीफ के नवजीवन शिशु अस्पताल में बच्चे को बदलने का मामला सामने आया है। मामला 3 साल पुराना है। जांच में पता चला कि डॉक्टर ने खुद एंट्री रजिस्टर में ओवरराइटिंग की और ‘मेल’ (लड़का) शब्द के आगे ‘फी’ अक्षर जोड़कर उसे ‘फीमेल’ (लड़की) बना दिया था। पुलिस जांच में यह भी पाया गया कि अस्पताल के NSUI वार्ड में न तो कोई सीसीटीवी था और न ही वहां कोई सुरक्षा गार्ड था। एंट्री-एग्जिट रजिस्टर भी ठीक से मेंटेन नहीं किए जा रहे थे। दस्तावेजों को फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी भेजने में सुस्ती बरती गई। पूरी खबर पढ़ें
7. प्रभात फेरी के बाद छात्राओं की तबीयत बिगड़ी
सीवान के भगवानपुर हाट प्रखंड स्थित एसएस उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज में बुधवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आयोजित प्रभात फेरी के दौरान करीब 30 छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ने से अफरा-तफरी मच गई। प्रभात फेरी समाप्त होने के बाद छात्राएं विद्यालय लौट रही थीं, इसी दौरान तेज धूप और उमस के बीच एक के बाद एक छात्राओं को चक्कर आने और कमजोरी महसूस होने लगी। देखते ही देखते कई छात्राएं अस्वस्थ होकर परेशान हो गईं। इससे विद्यालय परिसर और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। पूरी खबर पढ़ें
8. आकाशदीप-मुकेश की DSP नौकरी पर 5 साल की शर्त
भारतीय क्रिकेट में तेज गेंदबाज आकाश दीप और मुकेश कुमार को बिहार पुलिस में DSP बनाए जाने के बाद अब सरकारी सेवा को लेकर नई शर्त सामने आई है। गृह विभाग की अधिसूचना के मुताबिक, दोनों क्रिकेटरों को 5 साल का बॉन्ड भरना होगा। इस अवधि में उन्हें सक्रिय क्रिकेट खिलाड़ी के तौर पर टूर्नामेंट में हिस्सा लेते रहना अनिवार्य होगा। उन्हें विभिन्न क्रिकेट टूर्नामेंट में सक्रिय खिलाड़ी के तौर पर हिस्सा लेना होगा। यदि वे बॉन्ड में तय शर्तों का पालन नहीं करते हैं या क्रिकेट खेलना पूरी तरह छोड़ देते हैं, तो उनकी सरकारी सेवा पर असर पड़ सकता है। पूरी खबर पढ़ें

9. मंत्री बांट रहे थे जॉइनिंग लेटर, स्टाफ हटाने लगे फूल
बिहार को आज 2027 नए अफसर मिल गए। सीएम सम्राट चौधरी ने बापू सभागार में BPSC 70वीं में सफल अभ्यर्थियों को जॉइनिंग लेटर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में 70 वीं बीपीएससी में भर्ती का सबसे बड़ा रिकॉर्ड बना है। सीएम ने तमाम अधिकारियों को कहा आप जिस भी फाइल पर साइन करेंगे, उससे एक परिवार का भला होगा। आपके जीवन में भी इस नौकरी से बदलाव आएगा। आप जितने ईमानदार होंगे, बिहार उतना ही आगे बढ़ेगा। पूरी खबर पढ़ें
10. 18 जिलों में कल बारिश का यलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र ने कल यानी शुक्रवार को पटना, भोजपुर, अरवल, जहानाबाद समेत 18 जिले में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा अन्य सभी जिलों में मौसम गर्म बना रहेगा। अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।