Block Level Sports Competitions From Tomorrow, Players In The Age Group Of 14 To 19 Years Will Show Their Strength. – Jind News


जींद। शिक्षा विभाग की ओर से खंड स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन 20 जुलाई से किया जाएगा। प्रतियोगिताओं को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार वर्ष 2026-27 के लिए आयोजित होने वाली इन प्रतियोगिताओं में विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

प्रतियोगिताओं में 14, 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग लेंगे। 33 खेलों में लड़के और लड़कियां अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिताओं में तीरंदाजी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, बॉक्सिंग, साइकिलिंग, जिम्नास्टिक, हैंडबॉल, हॉकी, जूडो, तैराकी एवं डाइविंग, शूटिंग, टेबल टेनिस, ताइक्वांडो, टेनिस, वॉलीबॉल, भारोत्तोलन, कुश्ती, बेसबॉल, शतरंज, क्रिकेट, कबड्डी, कराटे, खो-खो, नेटबॉल और स्केटिंग सहित विभिन्न खेल शामिल हैं।

इसके अलावा मॉडर्न पेंटाथलॉन और स्क्वैश जैसे खेलों को भी प्रतियोगिता में शामिल किया गया है। खिलाड़ियों के आयु प्रमाणपत्र, स्कूल रिकॉर्ड और अन्य आवश्यक दस्तावेज की जांच के बाद ही उन्हें प्रतियोगिता में भाग लेने की अनुमति दी जाएगी। आयोजकों को खेल मैदान, खिलाड़ियों की सुविधा, प्राथमिक उपचार और अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

बॉक्स

प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल प्रतिभा को बढ़ावा देना और उन्हें जिला, राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगामी स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए चयनित किया जाएगा। -रामपाल हुड्डा, जिला खेल अधिकारी।



Leave a Comment