CJI के सामने मंगलसूत्र उतार कोर्ट रूम में ही गिड़गिड़ाने लगीं याचिकाकर्ता, बच्चों को खाना भी नहीं दे पा रहे सर…, National Hindi News


याचिकाकर्ता महिला काफी देर तक CJI के कोर्ट रूम में गिड़गिड़ाती रही। आखिर में CJI ने फिर कहा कि अगले हफ़्ते एक स्पेशल बेंच होगी। सिर्फ़ यही मामला बोर्ड के ऊपर उस स्पेशल बेंच के सामने लिस्ट होगा।

देश के मुख्य न्यायाधीश (CJI) जस्टिस सूर्यकांत की अगुवाई वाली पीठ के सामने आज (सोमवार, 13 जुलाई को) एक अजीबोगरीब वाकया सामने आया, जब एक महिला ने अपने गले में पड़े मंगलसूत्र को निकाल लिया और भरी अदालत CJI के सामने उसे आगे कर अपने केस की सुनवाई के लिए गिड़गिड़ाने लगी। दरअसल, CJI से गुहार लगाने वाली महिला एक याचिकाकर्ता थी, जो अपने मामले में खुद पेश होने आई थी।

महिला ने CJI से गुहार लगाते हुए कहा, “माइलॉर्ड, माइलॉर्ड। मैं हैदराबाद से हूं। एक शब्द हमारा भी सुन लीजिए, माइलॉर्ड। पंद्रह साल से…” इस पर बीच में ही टोकते हुए CJI कांत ने कहा, “मैडम, आपका मामला अगले सोमवार को सुना जाएगा।” लेकिन महिला फिर से गिड़गिड़ाने लगी, “नहीं, प्लीज़, सर। मैं बस एक शब्द कहूंगी। पंद्रह साल से हम ज़िंदगी नहीं जी रहे हैं। हमारी ज़िंदगी बर्बाद हो गई है। हमारा पूरे परिवार बर्बाद हो गया है। हम सब मिलकर यह रिक्वेस्ट कर रहे हैं, माइलॉर्ड।”

एक स्पेशल बेंच सुनेगी आपका केस: CJI

इस पर CJI ने कहा, “अगले सोमवार को आपका मामला सुना जाएगा। यह मामला एक स्पेशल बेंच को सुनना है। ठीक है। आप ऐसा कीजिए, आप मत आइएगा। आप ऑनलाइन पेश हो जाइए। आपको खुद आने की जरूरत नहीं है।” बार एंड बेंचे के मुताबिक, इस पर पिटीशनर ने कहा, “नहीं सर, हम आएंगे सर। हमारे दिल की जो बात है ना सर, आपके दिल को टच होना चाहिए, सर। क्योंकि हम कितने दर्द में हैं। पूरी फैमिली बर्बाद हो गई है, सर। हम बच्चों को खाना तक नहीं दे पा रहे हैं, सर। हम लोग अपने बच्चों को खाना नहीं दे पा रहे हैं, एजुकेशन नहीं दे पा रहे हैं।”

“नहीं सर, हम आएंगे सर”

CJI ने इतना सुनने के बाद फिर कहा, “मामले पर सुनवाई के बाद ही फैसला होगा। सुनवाई के लिए अगली सोमवार की तारीख तय है। लेकिन मेरा आपको सुझाव है कि आप ट्रैवलिंग पर पैसे बर्बाद न करें।” इस पर महिला फिर बोल पड़ीं, “नहीं सर, हम आएंगे सर। हमारे जीवन से बढ़कर कुछ नहीं है, सर।” फिर भी CJI ने उन्हें समझाया, “आप ऑनलाइन अटेंड कर सकते हैं और जब तक आप चाहें, आपकी सुनवाई होगी।”

महिला के लिए मंगलसूत्र से बढ़कर कुछ नहीं होता, सर

इसके बाद पिटीशनर ने कहा, “एक महिला के लिए मंगलसूत्र से बढ़कर कुछ नहीं होता, सर। हमारे गले में अब क्या बचा है, सर…” इस तरह याचिकाकर्ता महिला काफी देर तक CJI के कोर्ट रूम में गिड़गिड़ाती रही। आखिर में CJI ने फिर कहा, “अगले हफ़्ते एक स्पेशल बेंच होगी। सिर्फ़ यही मामला बोर्ड के ऊपर उस स्पेशल बेंच के सामने लिस्ट होगा। मामला वहीं सुना जाएगा…. तो, आपको सुनवाई मिलेगी।” इसके बाद पीठ ने दूसरे केस की सुनवाई शुरू कर दी।



Leave a Comment