CM मान ने 800 युवाओं को दिए नियुक्ति पत्र, 69,094 को मिल चुका रोजगार; नीट पास करने वालों की संख्या 11 गुना बढ़ी


जागरण संवाददाता, मोहाली। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शनिवार को विकास भवन मोहाली में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में नवनियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की ओर से विभिन्न विभागों में एक दिन में 800 से अधिक नियुक्तियां की गई हैं। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि सरकार बनने के बाद अब तक 69,094 युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं।

मुख्यमंत्री के अनुसार, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में सबसे अधिक 636 नियुक्तियां की गई हैं। इनमें 616 स्टाफ नर्स शामिल हैं। इसके अलावा शुगरफेड में 101, वित्त विभाग में 72, डिफेंस सर्विसेज विभाग में 57 और सहकारिता विभाग में 11 नियुक्तियां की गई हैं। गृह विभाग में 10 ला अफसरों की भर्ती की गई है। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद कर्मचारियों ने सरकार का आभार जताया।

स्वास्थ्य विभाग में 636 नियुक्तियां किए जाने को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने में मदद मिलेगी। इनमें 616 स्टाफ नर्स की नियुक्ति शामिल है। इसके अलावा अन्य विभागों में भी अलग-अलग पदों पर युवाओं को नौकरी दी गई है।

मान ने कहा कि सरकारी स्कूलों में शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के लिए सरकार की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उनका दावा है कि इन प्रयासों का असर विद्यार्थियों के परिणामों में दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब शिक्षा के क्षेत्र में देश में अग्रणी राज्य बन चुका है।

शिक्षा में पंजाब को पहला स्थान मिलने का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार बनने के समय पंजाब शिक्षा के क्षेत्र में देश में 27वें स्थान पर था। अब पंजाब ने केरल को पीछे छोड़ते हुए शिक्षा के क्षेत्र में पहला स्थान हासिल किया है। उन्होंने इसे सरकार की शिक्षा नीतियों और शिक्षकों की मेहनत का परिणाम बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल युवाओं को सरकारी नौकरी देना नहीं, बल्कि उन्हें बेहतर शिक्षा और रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाना भी है। उन्होंने नियुक्त किए गए कर्मचारियों से पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपनी सेवाएं निभाने का आह्वान किया।



Leave a Comment