Delhi-NCR Rain Traffic LIVE: दिल्ली-NCR में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है. गुरुवार तड़के हुई बारिश से राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों में मौसम सुहावना हो गया और पिछले कई दिनों से उमस भरी गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत मिली. हालांकि लगातार बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली, जिससे सुबह के समय यातायात प्रभावित हुआ. खासकर ऑफिस और स्कूल-कॉलेज जानेवालों को परेशानियों का सामना करना पड़ा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए दिनभर भारी बारिश की संभावना जताई है. विभाग के अनुसार राजधानी में अगले कुछ घंटों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है. IMD का कहना है कि 10 जुलाई तक दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में व्यापक स्तर पर वर्षा होने की संभावना है. वहीं, पूर्वोत्तर उत्तर प्रदेश में 13 जुलाई तक और पूर्वी राजस्थान में 9 जुलाई को अच्छी बारिश का अनुमान है.
गुरुवार सुबह हुई बारिश के बाद नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, मुनिरका और अन्य निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई. सड़कों पर पानी जमा होने से वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा. प्रशासन की ओर से जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि यातायात सामान्य बना रहे. IMD के अनुसार, गुरुवार तड़के करीब 2:30 बजे राजधानी का तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हवाएं लगभग शांत रहीं. मौसम विभाग का मानना है कि लगातार हो रही बारिश के कारण तापमान में गिरावट आएगी और उमस में भी कमी होगी.
बुधवार को भी उत्तर भारत के कई राज्यों में मानसून सक्रिय रहा. उत्तर प्रदेश के मथुरा में रातभर हुई तेज बारिश से कई इलाकों में जलभराव हो गया, जिससे सड़क यातायात और लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई. वहीं राजस्थान के डूंगरपुर में गरज-चमक के साथ हुई भारी बारिश ने कई बस्तियों को जलमग्न कर दिया. पुराने शहर के घाटी, कनेरा पोल, मोची बाजार और भोईवाड़ा जैसे इलाकों में तीन फीट से अधिक पानी भरने की सूचना है. मौसम विभाग ने लोगों को भारी बारिश के दौरान सतर्क रहने, जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने और आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है. विशेषज्ञों का कहना है कि सक्रिय मानसून के चलते अगले कुछ दिनों तक दिल्ली सहित उत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है.
Delhi-NCR Rain Traffic Live: मूसलाधार बारिश से पेड़ गिरा, कालकाजी-गोविंदपुरी मार्ग पर लगा लंबा जाम
दिल्ली-एनसीआर ट्रैफिक अपडेट लाइव: दिल्ली में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच बुधवार को दक्षिणी दिल्ली के कालकाजी-गोविंदपुरी रोड पर एक पेड़ उखड़कर सड़क पर गिर गया, जिससे वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई और इलाके में लंबा ट्रैफिक जाम लग गया. बारिश के कारण पेड़ गिरने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर पेड़ हटाने का काम शुरू किया ताकि यातायात जल्द से जल्द सामान्य हो सके.
Delhi-NCR Rain Traffic Live: जलभराव वाले इलाकों का CM रेखा गुप्ता ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश
दिल्ली-एनसीआर ट्रैफिक अपडेट लाइव: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शालीमार गांव पहुंचकर जलभराव की स्थिति और जलनिकासी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पानी की शीघ्र और प्रभावी निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश के दौरान लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहे और सभी जरूरी इंतजाम समय पर पूरे किए जाएं.
Delhi-NCR Rain Traffic Live: दिल्ली में जुलाई में कब हुई थी सबसे ज्यादा बारिश?
दिल्ली-एनसीआर ट्रैफिक अपडेट लाइव: जुलाई में दिल्ली (सफदरजंग) में 24 घंटे में सबसे अधिक बारिश 21 जुलाई 1958 को दर्ज हुई थी.
21 जुलाई 1958: 266.2 मिमी बारिश (अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड)
25 जुलाई 1982: 169.9 मिमी बारिश
09 जुलाई 2023: 153.0 मिमी बारिश (तीसरा सबसे बड़ा रिकॉर्ड)
10 जुलाई 2003: 133.4 मिमी बारिश
27 जुलाई 1956: 131.0 मिमी बारिश
28 जुलाई 2009: 126.0 मिमी बारिश
08 जुलाई 1993: 125.7 मिमी बारिश
21 जुलाई 2013: 123.4 मिमी बारिश
Delhi-NCR Rain Traffic Live: गाजियाबाद में सड़क में समाई कार, स्कूटर वाला भी बना शिकार
दिल्ली-एनसीआर ट्रैफिक अपडेट लाइव: गाजियाबाद में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते वसुंधरा स्थित अटल चौक के पास सड़क धंस गई, जिससे एक कार और एक स्कूटर गहरे गड्ढे में जा गिरे. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और यातायात भी प्रभावित हुआ. स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और प्रशासन को इसकी सूचना दी. राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है. लगातार बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव और सड़क धंसने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है
Delhi-NCR Rain Traffic Live: भारी बारिश से NH-24 पर जलभराव, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
दिल्ली-एनसीआर ट्रैफिक अपडेट लाइव: दिल्ली-एनसीआर में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण गाजीपुर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-24 (NH-24) पर जलभराव हो गया है, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर बताया कि सड़क पर पानी भरने के कारण वाहनों की आवाजाही धीमी हो गई है. स्थिति सामान्य करने के लिए ट्रैफिक पुलिस और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की टीमें जल निकासी का काम कर रही हैं. पुलिस ने गाजियाबाद से दिल्ली आने वाले यात्रियों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी है. वाहन चालक सेक्टर-62 से वसुंधरा, बुद्ध चौक और मोहन नगर होते हुए सीमापुरी के रास्ते दिल्ली में प्रवेश कर सकते हैं. ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए असुविधा के लिए खेद जताया है.
TRAFFIC ADVISORY
Water logging at NH-24 near Ghazipur
Delhi Traffic Police informs all road users due to heavy rainfallsince yesterday there is water logging on the National Highway (NHAI – 24)
Due to which the traffic flow is hampered. Traffic officials and NHAI are… pic.twitter.com/VlnVW9wNPt
— Delhi Traffic Police (@dtptraffic) July 9, 2026
Delhi-NCR Rain Traffic Live: बारिश से पारा लुढ़का, आज भी येलो अलर्ट; जाम से जनजीवन प्रभावित
दिल्ली-एनसीआर ट्रैफिक अपडेट लाइव: राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है. बीती रात से लगातार हो रही बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है. जहां एक ओर लोगों को उमस और भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर कई इलाकों में जलभराव, सीवर ओवरफ्लो और लंबे ट्रैफिक जाम ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम के कई हिस्सों में सड़कों पर पानी भर जाने से यातायात प्रभावित हुआ और लोगों को कार्यालय तथा स्कूल पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा. भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार 9 जुलाई के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. विभाग ने पूरे दिन आसमान में सामान्यतः बादल छाए रहने और मध्यम बारिश की संभावना जताई है. दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक सुबह, पूर्वाह्न, दोपहर, शाम और रात, पांचों समय गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा तथा बिजली चमकने की भी आशंका जताई गई है.
Delhi-NCR Rain Traffic Live: दिल्ली में भारी बारिश के बीच पेड़ गिरा, वाहन क्षतिग्रस्त; स्कूल बसों का मार्ग बदला
दिल्ली-एनसीआर ट्रैफिक अपडेट लाइव: राजधानी दिल्ली में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच ईस्ट ऑफ कैलाश स्थित राजा धीर सिंह मार्ग पर गुरुवार तड़के एक बड़ा पेड़ गिर गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और एक व्यावसायिक वाहन क्षतिग्रस्त हो गया. स्थानीय निवासी करण अग्रवाल के अनुसार, पेड़ रात करीब 2:30 से 3:00 बजे के बीच गिरा, लेकिन सुबह तक इसे हटाया नहीं जा सका. करण अग्रवाल ने बताया कि इलाके में कंक्रीटकरण और अतिक्रमण जैसी समस्याओं के कारण पेड़ों की जड़ें कमजोर हो रही हैं. उन्होंने दावा किया कि इसी सड़क पर पहले भी दो से तीन पेड़ गिर चुके हैं. पेड़ गिरने की वजह से सुबह स्कूल बसों को लंबा वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ा, जिससे बच्चों और अभिभावकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द पेड़ हटाने और क्षेत्र में पेड़ों की सुरक्षा व रखरखाव के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है.
#WATCH | Delhi: A tree fell near Raja Dhir Singh Marg in East of Kailash due to heavy rainfall.
Resident Karan Agarwal says, “The incident occurred near East of Kailash on Raja Dhir Singh Marg. The tree fell around 2:30 AM or 3:00 AM, and the area has not been cleared yet. Trees… pic.twitter.com/MeHPOyDJIX
— ANI (@ANI) July 9, 2026
Delhi-NCR Rain Traffic Live: दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर लंबा जाम, गाजियाबाद में सड़कों पर नाव चलाने की नौबत
दिल्ली-एनसीआर ट्रैफिक अपडेट लाइव: पिछले कई घंटों से जारी भारी बारिश ने दिल्ली-एनसीआर में जनजीवन प्रभावित कर दिया है. दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर कई स्थानों पर जलभराव होने से लंबा ट्रैफिक जाम लग गया और वाहन रेंगते नजर आए. सड़कों पर भरे पानी के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. वहीं, नोएडा के सेक्टर-6 में तेज बारिश और तेज हवाओं के चलते एक पेड़ गिर गया. दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश स्थित राजा धीर सिंह मार्ग पर भी भारी बारिश के कारण पेड़ धराशायी हो गया. हालांकि, इन घटनाओं में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति सामान्य करने में जुटा है.
Delhi-NCR Rain Traffic Live: दिल्ली में मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर ट्रैफिक अपडेट लाइव: दिल्ली में मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है. यह अलर्ट दोपहर बाद 1 बजे तक के लिए है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग यानी आईएमडी ने रेड अलर्ट जारी करते हुए आमलोगों के साथ ही प्रशासन को भी सतर्कता बरतने की सलाह दी है. वहीं, लगातार हो रही बारिश की वजह से राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों में लंबा ट्रैफिक जाम लगा हुआ है. ऑफिस और स्कूल-कॉलेज जानेवालों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
Delhi-NCR Rain Traffic Live: गाजियाबाद के इंदिरापुरम में भारी बारिश से जलभराव, जनजीवन प्रभावित
दिल्ली-एनसीआर ट्रैफिक अपडेट लाइव: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित इंदिरापुरम क्षेत्र में गुरुवार को हुई भारी बारिश के बाद कई इलाकों में व्यापक जलभराव हो गया. सड़कों पर पानी भर जाने से यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ और दैनिक यात्रियों को लंबे जाम व आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा. कई प्रमुख सड़कें पूरी तरह पानी में डूब गईं, जिससे वाहन रेंगते नजर आए. स्थानीय निवासियों को भी घरों से निकलने में कठिनाई हुई. लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलनिकासी व्यवस्था की पोल खुल गई. प्रशासन की टीमें जलभराव वाले क्षेत्रों से पानी निकालने और यातायात सामान्य करने के प्रयास में जुटी हैं.
#WATCH | Ghaziabad, Uttar Pradesh: Heavy rainfall led to waterlogging in the Indirapuram area, affecting daily commuters and causing inconvenience to residents. Roads completely submerged following the downpour. pic.twitter.com/wlsJzTzpY7
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) July 9, 2026
Delhi-NCR Rain Traffic Live: दिल्ली में एनएच-24 पर लंबा जाम, गाजियाबाद में रेंग रहे वाहन
दिल्ली-एनसीआर ट्रैफिक अपडेट लाइव: दिल्ली-एनसीआर में लगातार हो रही बारिश ने गुरुवार सुबह जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया. भारी बारिश के कारण दिल्ली के NH-24 पर लंबा जाम लग गया, जिससे हजारों वाहन घंटों तक रेंगते रहे. गाजियाबाद के इंदिरापुरम से गुजरने वाले NH-24 पर जलभराव के चलते यातायात गंभीर रूप से प्रभावित हुआ और कार्यालय जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. वहीं, नोएडा के सेक्टर-44 समेत कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर जाने से आवागमन बाधित रहा. जगह-जगह जलभराव और ट्रैफिक जाम के कारण दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ा और सुबह का यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा.
Delhi-NCR Rain Traffic Live: गाजियाबाद में सड़कें बनीं तालाब, नगर निगम के दावों की खुली पोल
दिल्ली-एनसीआर ट्रैफिक अपडेट लाइव: दिल्ली से सटे गाजियाबाद में मानसून की पहली तेज बारिश ने नगर निगम की तैयारियों की हकीकत उजागर कर दी है. मानसून से पहले नालों की सफाई और जलभराव से निपटने के बड़े-बड़े दावे करने वाला नगर निगम मानसून की बारिश में बेनकाब होता नजर आया. रेलवे स्टेशन को नोएडा, ट्रांस हिंडन और इंदिरापुरम से जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग पर हालात बेहद खराब हैं. सड़क पर इतना पानी भर गया कि वाहनों के पहिए आधे तक डूब गए. हजारों लोगों के रोजाना इस्तेमाल होने वाला यह व्यस्त मार्ग कुछ ही देर की बारिश में जलमग्न हो गया है. वाहन रेंगते नजर आए, जबकि पैदल राहगीरों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर नगर निगम के अधिकारी समय रहते मैदान में उतरकर नालों और जल निकासी व्यवस्था का निरीक्षण करते, तो आज यह नौबत नहीं आती. लोगों का आरोप है कि कागजों और बैठकों में तैयारियां पूरी दिखा दी गईं, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई काम नजर नहीं आया.
Delhi-NCR Rain Traffic Live: दिल्ली में झमाझम बारिश से जलभराव, कई इलाकों में ट्रैफिक जाम
दिल्ली-एनसीआर ट्रैफिक अपडेट लाइव: दिल्ली और आसपास के इलाकों में पिछले एक-दो दिनों से लगातार बारिश हो रही है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग यानी आईएमडी ने 10 जुलाई 2026 तक बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है. मौसम विज्ञानियों ने आज यानी 9 जुलाई को दिल्ली समेत आसपास के अन्य शहरों में ताबड़तोड़ बारिश होने का अलर्ट जारी किया है. उधर, जलगातार हो रही बारिश की वजह से दिल्ली में ट्रैफिक की रफ्तार सुस्त पड़ गई है. जलभराव के चलते जहां-तहां जाम लग गया है.
Delhi-NCR Rain Traffic Live: दिल्ली ही नहीं, गुरुग्राम में भी हालत खराब
दिल्ली-एनसीआर ट्रैफिक अपडेट लाइव: मानसून की भारी बारिश ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उससे सटी साइबर सिटी को पूरी तरह ठप कर दिया है. बारिश में सड़कें दरिया बन गईं और कारें पानी में फंस गई हैं. हर साल की तरह इस साल भी गुरुग्राम का वही हाल है.नालियों और ड्रेनेज की खराब व्यवस्था, पुरानी नालियों का जाम होना, ड्रेनेज सिस्टम का ठीक से काम नहीं करने की वजह से बारिश में जलभराव की स्थिति पैदा हो जाती है. नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में सड़कों पर जलभराव है. जिससे गाड़ियों की रफ्तार सुस्त पड़ी है और लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.