Deoria News: गैस पाइप लाइन बिछाने के बाद ही पालिका देगी भारत पेट्रोलियम को भूमि, Deoria Hindi News


Deoria News: देवरिया, निज संवाददाता। नगर पालिका परिषद बोर्ड की बैठक शुक्रवार को नगर पालिका के पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार में अध्यक्ष अलका सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक के एजेंडे में शामिल नौ महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। वहीं भारत पैट्रोलियम कॉरपोरेशन द्वारा गैस डिस्ट्रीब्यूशन प्रोजेक्ट के लिए भूमि मांगे जाने पर चर्चा हुई। जिस पर सभासदों ने पूरे शहर में गैस पाइपलाइन बिछाने के बाद ही पालिका को पेट्रोलियम कार्पोरेशन भूमि देने को कहा।बैठक में सफाई अनुभाग द्वारा राजस्व वृद्धि हेतु ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के अंतर्गत वाहनों व पालिका के पानी के टैंकरों पर शुल्क बढ़ाने का प्रस्ताव रखा गया जिस पर सभासदों ने कहा कि इससे नगर की जनता को अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।

इसे यथावत रहने दिया जाय। इसके अलावा प्रकाश अनुभाग द्वारा सभासदों द्वारा पथ प्रकाश के लिए पोल सहित दिए गए प्रस्तावों व प्रस्तुत आगणनों व कार्य करने की स्वीकृति हुई। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व मनाए जाने के लिए पालिका निधि से दी जाने वाली धनराशि की स्वीकृति हुई। वहीं जलकल विभाग द्वारा प्रस्तुत आगणनों की स्वीकृति पर चर्चा हुई। विज्ञापन से संबंधित प्रस्तुत आगणनों की स्वीकृति पर विचार किया गया। इसके साथ ही इंदिरा गांधी इंटर कॉलेज में कार्यरत शिक्षक शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के वेतन वृद्धि पर भी चर्चा हुई। सभासद गजेंद्र मणि त्रिपाठी ने इस पर विधिक राय लेने की बात कही। साथ ही निर्माण अनुभाग द्वारा तैयार आगणनों एवं कार्य कराए जाने पड़ने वाले व्यय भार पर विचार विमर्श किया गया। इस दौरान अधिशासी अधिकारी संजय कुमार तिवारी, सहायक अभियंता जलकल, अवर अभियंता पूजा के अलावा सभासद मनोज गोयल, धर्मेंद्र सिंह, संजय मिश्रा, प्रियंका वर्मा, अमित मिश्रा, रमेश मल्ल, वंदना देवी, पुष्पा देवी, पवन जायसवाल, जयप्रकाश शर्मा, तस्लीम मलिक, बृजेश यादव, जावेद आलम, गौहर अली आदि सभासद उपस्थित रहे।



Leave a Comment