स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत की विकेटकीपर बल्लेबाज यास्तिका भाटिया ने इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ लॉर्ड्स में खेलते हुए इतिहास रच दिया है। उन्होंने टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली की खास लिस्ट में अपनी जगह बना ली है। इसके अलावा उन्होंने ऐसा कारनामा किया है, जो अब कोई भी भारतीय महिला क्रिकेटर नहीं कर सकी थी।
लॉर्ड्स टेस्ट में भारत की स्थिति मजबूत नजर आ रही है। पहली पारी के बाद दूसरी पारी में भी स्मृति मंधाना शतक लगाने से चूक गई लेकिन भाटिया ने कमाल की पारी खेली और सेंचुरी जड़ी। उन्होंने शतक लगाने के साथ ही भारत का स्कोर 400 के पार पहुंचा दिया है, जिससे मेजबान इंग्लैंड मुकाबले में बैकफुट पर नजर आ रही है।
यास्तिका भाटिया ने शतक लगाकर रचा इतिहास
भाटिया ने शतक लगाने के साथ ही भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली की बराबरी कर ली है। वे भारत की मेंस और विमेंस में दूसरी ऐसी लेफ्ट हैंडर बल्लेबाज हैं, जिन्होंने लॉर्ड्स में शतक लगाया है। इससे पहले गांगुली ने 1996 में 131 रनों की पारी खेली थी। अब भाटिया मात्र दूसरी भारतीय बल्लेबाज बन गई हैं। महिला क्रिकेटरों में पहली बल्लेबाज बनी हैं, जिन्होंने लॉर्ड्स में सेंचुरी ठोकी है। इसके अलावा उन्होंने महिला क्रिकेट का इतिहास पूरी तरह से बदल दिया है और ऐसा कारनामा किया है, जो अब तक कोई भी बल्लेबाज नहीं कर सकी थी।
तीसरी/चौथी पारी में सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाली बल्लेबाज (भारतीय)-
यास्तिका तीसरा या चौथी पारी में शतक लगाने वाली पहली बल्लेबाज बनी हैं। उनसे पहले भारत के लिए खेलते हुए सर्वश्रेष्ठ स्कोर संध्या अग्रवाल के नाम पर दर्ज था, जिन्होंने 1985 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 98 रनों की पारी खेली थी।
- यास्तिका भाटिया – 113 बनाम इंग्लैंड, 2026
- संध्या अग्रवाल – 98 बनाम न्यूजीलैंड, 1985
- संध्या अग्रवाल – 83 बनाम ऑस्ट्रेलिया, 1984
- स्नेह राणा – 80* बनाम इंग्लैंड, 2021
- गार्गी बनर्जी – 75 बनाम इंग्लैंड, 1986
भाटिया की शानदार पारी
इंग्लैंड के खिलाफ खेलते हुए विकेटकीपर बैटर ने कमाल की बैटिंग की। उन्होंने 158 गेंदों पर 113 रनों की पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 14 चौके निकले। पहली पारी में मंधाना 83 रन बनाकर आउट हो गई थी और शतक नहीं लगा सकी थी। दूसरी पारी में भी उन्होंने 70 रन बनाए लेकिन शतक नहीं बना सकी।