ENG W vs IND W: ‘होम ऑफ क्रिकेट’ में कैप्टन हरमनप्रीत कौर का जलवा, लॉर्ड्स में ये कारनामा करने वाली पहली भारतीय क्रिकेटर बनीं


स्‍पोर्ट्स डेस्‍क, नई दिल्‍ली। भारत और इंग्‍लैंड की महिला टीमों के बीच लॉर्ड्स के एतिहासिक मैदान पर इकलौता टेस्‍ट खेला जा रहा है। क्रिकेट का मक्‍का कहे जाने वाले इस ग्राउंड पर यह पहला विमंस टेस्‍ट मैच है। इस टेस्‍ट के पहले दिन भारतीय कप्‍तान हरमनप्रीत कौर ने अर्धशतक लगाया। इसके साथ ही कौर ने इतिहास रच दिया।

वह इस फेमस मैदान पर तीनों इंटरनेशनल फॉर्मेट में अर्धशतक लगाने वाली पहली भारतीय क्रिकेटर (मेंस और विमंस) बन गईं। मैच के पहले दिन शुक्रवार को भारत की पहली पारी में हरमनप्रीत ने 121 गेंदों पर 58 रन की सयंमित पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्‍होंने 7 चौके भी लगाए।

तीनों फॉर्मेट में फिफ्टी

हरमनप्रीत ने इससे पहले ‘होम ऑफ क्रिकेट’ (लॉर्ड्स) में वनडे और T20I दोनों में 50 से ज्‍यादा रन बनाए थे। उनकी इस हालिया पारी के साथ ही यह रिकॉर्ड पूरा हो गया। वह लॉर्ड्स में टेस्ट, वनडे और T20I तीनों फॉर्मेट में 50 रन बनाने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गईं। शुरुआती झटकों के बाद भारतीय कप्तान ने पारी को संभालने में अहम भूमिका निभाई।

पारी को संभाला

मैच की बात करें तो शेफाली वर्मा और यास्तिका भाटिया के आउट होने के बाद, शुरुआती सात ओवरों में ही भारत का स्कोर 2 विकेट पर 37 रन हो गया था। स्मृति मंधाना ने जेमिमा रोड्रिग्स के साथ मिलकर पारी को संभाला और दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 64 रन जोड़े। रोड्रिग्स ने 38 गेंदों में तेजी से 35 रन बनाए, जिसके बाद वह इजी वोंग का शिकार बनीं।

मंधाना के साथ साझेदारी की

इसके बाद हरमनप्रीत ने मंधाना का साथ दिया और दोनों के बीच 89 रनों की अहम साझेदारी हुई, जिसने भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। कप्तान पूरी पारी के दौरान सहज दिखीं। उन्होंने कवर की दिशा में आत्मविश्वास के साथ शॉट खेले और स्ट्राइक को अच्छे से रोटेट किया, जबकि इंग्लैंड की टीम विकेट लेने की कोशिश में जुटी रही।

 

 

शतक से चूकीं मंधाना

मंधाना शतक की ओर बढ़ रही थीं, लेकिन 83 रन पर वोंग की गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर के पास चली गई। वहीं, हरमनप्रीत ने अच्छी बल्लेबाजी करते हुए 58 रन बनाए। टी-ब्रेक तक भारत का स्कोर 5 विकेट पर 202 रन था, लेकिन टीम इस अच्छी स्थिति का फायदा नहीं उठा सकी।

अंत में गंवाए विकेट

इंग्लैंड के गेंदबाजों ने जोरदार वापसी की और बाकी सात विकेट सिर्फ 85 रन देकर हासिल कर लिए। निचले क्रम में दीप्ति शर्मा ने 57 रनों की जुझारू पारी खेलकर टीम को संभाला और स्नेह राणा के साथ 45 रनों की साझेदारी की, जिससे भारत अपनी पहली पारी में 285 रन बना सका।

भारत के पास 264 रन की बढ़त

जवाब में इंग्लैंड ने संभलकर शुरुआत की और पहले दिन का खेल खत्म होने तक 1 विकेट पर 21 रन बना लिए थे। क्रांति गौड़ ने शुरुआती सफलता दिलाते हुए टैमी ब्यूमोंट को 2 रन पर आउट किया, जबकि माया बाउचर 17 रन बनाकर और हीदर नाइट के साथ क्रीज पर डटी रहीं। दिन का खेल खत्म होने तक मेजबान टीम भारत से 264 रन पीछे थी।





Leave a Comment