बृजेन्द्र मिश्रा, भोपाल1 दिन पहले
- कॉपी लिंक

मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ESB) ने 19,062 पदों पर भर्ती के लिए संभावित परीक्षा कैलेंडर जारी किया है। इसके तहत सितंबर से दिसंबर 2026 के बीच पुलिस आरक्षक, पंचायत सचिव, रोजगार सहायक, कृषि विस्तार अधिकारी, खंड पंचायत अधिकारी, उपयंत्री, उपनिरीक्षक समेत 12 भर्ती परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद करीब 1.50 लाख सेवारत शिक्षकों की प्राथमिक-माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) सितंबर-अक्टूबर 2026 में कराई जाएगी। स्कूल शिक्षा विभाग ने परीक्षा आयोजित कराने की जिम्मेदारी ESB को सौंपी है। शिक्षकों से ऑनलाइन आवेदन भरवाने की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी।
विभाग के अनुसार यह परीक्षा सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में कराई जा रही है। यह उन शिक्षकों के लिए महत्वपूर्ण होगी, जिनकी नियुक्ति पात्रता परीक्षा से जुड़े विवाद के कारण लंबे समय से कानूनी प्रक्रिया में है। परीक्षा का परिणाम उनके भविष्य और सेवा पर असर डाल सकता है।

ESB ने जारी किया संशोधित परीक्षा कैलेंडर
बता दें कि, मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ESB) भोपाल ने अगस्त से दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाली संभावित भर्ती परीक्षाओं का संशोधित परीक्षा कैलेंडर भी जारी किया है। कैलेंडर के अनुसार सितंबर से दिसंबर 2026 के बीच विभिन्न विभागों में करीब 18 हजार से अधिक पदों पर भर्ती के लिए परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
ESB ने स्पष्ट किया है कि यह संभावित परीक्षा कैलेंडर है। परीक्षाओं की अंतिम तारीख, कार्यक्रम और अन्य व्यवस्थाएं अभ्यर्थियों की संख्या और प्रशासनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तय की जाएंगी।
अभ्यर्थियों को आधिकारिक सूचना पर नजर रखने की सलाह
कर्मचारी चयन मंडल ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा संबंधी ताजा जानकारी, विज्ञापन, आवेदन प्रक्रिया और परीक्षा तिथियों के लिए ESB की आधिकारिक सूचनाओं पर नियमित नजर बनाए रखें। जल्द ही पात्रता परीक्षा और अन्य भर्ती परीक्षाओं से संबंधित विज्ञापन जारी किए जाएंगे।
97 अभ्यर्थियों का चयन, MP ऑनलाइ पर जारी हुआ रिजल्ट
मध्यप्रदेश राज्य न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) में प्रयोगशाला तकनीशियन, प्रयोगशाला सहायक और प्रयोगशाला परिचारक के पदों पर भर्ती-2026 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया गया है। MP Online पर जारी रिजल्ट में कुल 97 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है।
इनमें 19 लैब टेक्नीशियन, 28 लैब असिस्टेंट और 50 लैब अटेंडेंट शामिल हैं। इन पदों पर भर्ती को 13 जनवरी 2026 को मंजूरी मिली थी। इसके बाद 10 मार्च को विज्ञापन जारी हुआ।
5 महीने में पूरी हुई भर्ती प्रक्रिया
वहीं, 14-15 जून को भोपाल के शासकीय मोतीलाल विज्ञान महाविद्यालय में तीन पालियों में लिखित परीक्षा हुई। परीक्षा और अन्य प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 5 अगस्त को अंतिम चयन सूची जारी कर दी गई। चयनित अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन, मेडिकल जांच और अन्य औपचारिकताएं पूरी होने के बाद नियुक्ति दी जाएगी।
…………………………………
यह खबर भी पढ़ें
1. MP पुलिस में 9662 पदों पर भर्ती को मंजूरी

मध्यप्रदेश में पुलिस भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। राज्य सरकार ने पुलिस विभाग में 9662 पदों पर भर्ती को मंजूरी दे दी है। इनमें सबसे ज्यादा 8500 आरक्षक (GD और चालक) के पद हैं। भर्ती प्रक्रिया के लिए कर्मचारी चयन मंडल (ESB) जल्द विज्ञापन जारी करेगा। पढ़ें पूरी खबर…
2. सूबेदार (स्टेनो) और ASI भर्ती का अंतिम रिजल्ट घोषित

मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ESB) ने पुलिस विभाग में सूबेदार (स्टेनो) एवं सहायक उपनिरीक्षक (ASI) भर्ती परीक्षा-2025 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। कुल 500 पदों के लिए आयोजित इस भर्ती में 438 उम्मीदवारों का चयन किया है। कोर्ट के आदेश के कारण 13 प्रतिशत पदों का परिणाम फिलहाल होल्ड रखा है। पढ़ें पूरी खबर
